Chhattisgarh Swine Flu: H1N1 का बढ़ता दायरा, रायपुर-दुर्ग समेत नए जिलों में भी मिले मरीज; जानिए किन इलाकों में बढ़ी चिंता
Chhattisgarh Swine Flu: छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। सिर्फ 24 घंटे में 10 नए मरीज मिलने से कुल आंकड़ा 115 पहुंच गया, जबकि एक्टिव केस 28 हो गए हैं। रायपुर सेंट्रल जेल का एक अधिकारी भी संक्रमित मिला है और संक्रमण अब कुछ नए जिलों तक पहुंच चुका है। किन जिलों में सबसे ज्यादा मामले हैं, कहां अब तक एक भी केस नहीं मिला और कौन से लक्षण दिखें तो तुरंत सावधान हो जाना चाहिए? पूरी पढ़ें।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 10 नए मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में स्वाइन फ्लू के कुल संक्रमितों की संख्या 105 से बढ़कर 115 हो गई है।
वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या भी 18 से बढ़कर 28 हो गई है। संक्रमण अब उन जिलों में भी पहुंच रहा है, जहां इससे पहले स्वाइन फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया था। इस बीच रायपुर सेंट्रल जेल में पदस्थ एक अधिकारी के H1N1 संक्रमित पाए जाने से भी स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है।
Chhattisgarh Swine Flu: रायपुर में 3 नए मरीज, एक्टिव केस बढ़कर 9
राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे में स्वाइन फ्लू के 3 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 54 हो गई है।
रायपुर में एक्टिव केस भी 6 से बढ़कर 9 हो गए हैं।
दुर्ग और रायगढ़ में भी बढ़े मामले
दुर्ग जिले में तीन नए संक्रमित मिले हैं। इसके बाद यहां स्वाइन फ्लू के कुल मरीजों की संख्या 10 हो गई है, जबकि 5 मरीज फिलहाल एक्टिव हैं।
रायगढ़ में दो नए मरीज मिले हैं। यहां कुल संक्रमितों की संख्या 7 और एक्टिव मरीजों की संख्या 4 हो गई है।
बिलासपुर में भी एक नया मामला सामने आया है। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 12 से बढ़कर 13 हो गई है और फिलहाल 3 एक्टिव मरीज हैं।
सरगुजा में एक नया मरीज मिलने के बाद यहां कुल संक्रमितों की संख्या 3 हो गई है। इनमें फिलहाल एक मरीज एक्टिव है।
Chhattisgarh Swine Flu: इन नए जिलों में भी पहुंचा संक्रमण
चिंता की बात यह है कि H1N1 संक्रमण का दायरा अब कुछ ऐसे जिलों तक भी पहुंच गया है, जहां पहले कोई मामला सामने नहीं आया था।
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बलौदाबाजार-भाटापारा और उत्तर बस्तर कांकेर में एक-एक मरीज मिला है। तीनों फिलहाल एक्टिव हैं और उनका इलाज चल रहा है।
धमतरी में अब तक 7 संक्रमित मिल चुके हैं, जिनमें 4 एक्टिव हैं। कोरबा में 5 संक्रमितों में 1 एक्टिव मरीज है, जबकि बेमेतरा में 3 संक्रमितों में 1 मरीज का इलाज जारी है।
बस्तर में अब तक 2 मरीज मिल चुके हैं।
Chhattisgarh Swine Flu: कई जिलों में मिले मरीज, सभी स्वस्थ
गरियाबंद, दंतेवाड़ा, जशपुर, महासमुंद, MCB, जांजगीर-चांपा, राजनांदगांव और सूरजपुर में अब तक एक-एक मरीज मिलने की जानकारी है। राहत की बात यह है कि इन जिलों में सामने आए मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
वहीं राज्य के बीजापुर, कबीरधाम, बालोद, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बलरामपुर-रामानुजगंज, सक्ती, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोंडागांव, कोरिया, नारायणपुर, मुंगेली, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सुकमा में अब तक स्वाइन फ्लू का कोई मरीज सामने नहीं आया है।

रायपुर सेंट्रल जेल का अधिकारी भी संक्रमित
रायपुर सेंट्रल जेल में पदस्थ एक अधिकारी के H1N1 संक्रमित होने की जानकारी सामने आई है। उनका इलाज रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल में चल रहा है।
बताया गया कि अधिकारी अपने परिवार के साथ कांकेर गए थे। वहां उन्हें सर्दी, बुखार और सांस लेने में परेशानी महसूस हुई। जांच कराने पर उनका H1N1 टेस्ट पॉजिटिव आया।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल अधिकारी के परिवार के सदस्यों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की। राहत की बात यह है कि परिवार के अन्य सदस्यों में संक्रमण नहीं पाया गया और वे स्वस्थ हैं।
Chhattisgarh Swine Flu: लगातार खांसी और सांस की तकलीफ को नजरअंदाज न करें
डॉक्टरों के मुताबिक, बुखार के साथ लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर इसे सामान्य वायरल मानकर खुद से दवा नहीं लेनी चाहिए।
ऐसे लक्षण होने पर डॉक्टर से सलाह लेने और जरूरत पड़ने पर जांच कराने की सलाह दी गई है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।
स्वाइन फ्लू संक्रमित व्यक्ति की छींक या खांसी से निकलने वाली बूंदों और नजदीकी संपर्क के जरिए फैल सकता है। समय पर पहचान और उपचार मिलने पर अधिकांश मामलों में बीमारी से रिकवरी संभव है।
Chhattisgarh Swine Flu: 115 केस के बाद स्वास्थ्य विभाग की नजर किन जिलों पर?
छत्तीसगढ़ में कुल मामलों का आंकड़ा 115 पहुंचने और एक्टिव केस 28 होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की निगरानी बढ़ गई है। खासकर उन जिलों पर नजर है जहां हाल के दिनों में नए मामले सामने आए हैं।
अब आने वाले दिनों में नए मामलों की संख्या और संक्रमण के नए क्षेत्रों में पहुंचने की स्थिति पर सभी की नजर रहेगी।
