CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: मॉडिफाई सायलेंसर और तेज रफ्तार पर पुलिस का शिकंजा, एक दिन में 94 चालान

कबीरधाम। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। 11 सितंबर को चलाए गए विशेष अभियान में मॉडिफाई सायलेंसर और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों समेत अलग-अलग मामलों में कुल 94 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने इन मामलों में 89 हजार रुपये का समन शुल्क वसूल किया।

मॉडिफाई सायलेंसर वालों पर सख्ती

अभियान के दौरान मॉडिफाई सायलेंसर लगाकर वाहन चलाने वाले 7 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 182(क)(4) के तहत कार्रवाई की गई। इनसे 35 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया।

यातायात पुलिस के मुताबिक मॉडिफाई सायलेंसर से निकलने वाली तेज और कर्कश आवाज से आम लोगों के साथ विद्यार्थियों, बुजुर्गों और मरीजों को परेशानी होती है। इसी वजह से ऐसे वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

तेज रफ्तार और खतरनाक ड्राइविंग पर भी कार्रवाई

 

पुलिस ने तेज गति और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की। इसके अलावा तीन सवारी, बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस, बिना बीमा, बिना वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र, नो पार्किंग और वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करने जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी चालान काटे गए।

यातायात पुलिस ने साफ किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती की जाएगी।

यातायात शाखा प्रभारी रक्षित निरीक्षक महेश्वर सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक अजयकांत तिवारी और यातायात पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि मॉडिफाई सायलेंसर का इस्तेमाल न करें, यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *