CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: पंडरिया पहुंचीं कलेक्टर, विकास कार्यों का लिया जायजा; अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

कवर्धा। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने पंडरिया में विभिन्न शासकीय कार्यालयों और विकास कार्यों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन और जमीनी प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता न हो।

कलेक्टर ने पंडरिया नगर पालिका, जनपद पंचायत, मिनी स्टेडियम, महिला चौपाटी और मनरेगा शाखा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति और कार्यालयीन व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

नगर पालिका में योजनाओं की समीक्षा, लोगों की समस्याएं सुनीं

नगर पालिका कार्यालय में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री स्वनिधि और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यालय पहुंचे नागरिकों से सीधे उनकी समस्याएं सुनीं।

वार्ड क्रमांक-2 के पट्टे से संबंधित आवेदन पर उन्होंने सीएमओ को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

करीब 1.91 करोड़ के मिनी स्टेडियम का निरीक्षण

कलेक्टर ने लगभग 1 करोड़ 91 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन मिनी स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने क्रिकेट मैदान, नाली, फेसिंग, पेवेलियन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और इंडोर बैडमिंटन कोर्ट सहित प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्र के पास जलभराव की स्थिति को देखते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा।

इसके बाद कलेक्टर ने करीब 31 लाख रुपए की लागत से निर्मित महिला चौपाटी का भी निरीक्षण किया।

पेंशन से वंचित हितग्राही का आधार लिंक कराने के निर्देश

जनपद पंचायत कार्यालय में कलेक्टर ने 143 ग्राम पंचायतों, सचिवों और करारोपण अधिकारियों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न पेंशन योजनाओं की जानकारी ली और हितग्राहियों से सीधे बातचीत की।

आधार लिंक नहीं होने के कारण पेंशन से वंचित एक हितग्राही के मामले में कलेक्टर ने आधार लिंक कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने और तत्काल लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने जनपद पंचायत परिसर में शासन की योजनाओं की जानकारी बैनर और सूचना पट के माध्यम से प्रदर्शित करने को भी कहा, ताकि लोगों को योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।

अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान सामान्य सभा की बैठकों में अधिकारियों की अनुपस्थिति की शिकायत भी कलेक्टर के सामने आई। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सामान्य सभा की बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी किया जाए।

मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता के निर्देश

कलेक्टर ने मनरेगा शाखा का निरीक्षण कर स्वीकृत और संचालित कार्यों, उनकी प्रगति और ग्रामीणों को उपलब्ध कराए जा रहे रोजगार की स्थिति की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने, निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और पात्र ग्रामीणों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक पहुंचना चाहिए। अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करते हुए कार्यालय आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान पंडरिया जनपद अध्यक्ष श्रीमती नंदनी साहू, एसडीएम संदीप ठाकुर, तहसीलदार, सीएमओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *