CG News Times

सड़क हादसे में ट्रकों के स्टेयरिंग में फंसे दो चालकों को डायल-112 टीम ने सुरक्षित निकाला

कबीरधाम। ग्राम राजा डार में दो ट्रकों की टक्कर के बाद दोनों चालक स्टेयरिंग में फंस गए थे। डायल-112 चिल्फी पैंथर-1 टीम ने थाना चिल्फी पुलिस की मदद से रेस्क्यू कर दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। 108 वाहन के मौके पर नहीं पहुंच पाने पर दोनों घायलों को डायल-112 वाहन से सीएचसी बोडला ले जाकर भर्ती कराया गया।

 

कबीरधाम जिले के ग्राम राजा डार में 22 सितंबर 2026 को दो ट्रकों के बीच सड़क दुर्घटना हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद डायल-112 चिल्फी पैंथर-1 टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। दुर्घटना में दोनों ट्रकों के चालक स्टेयरिंग में फंस गए थे और उन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

जानकारी के अनुसार, एक ट्रक के चालक मुकेश सिंह विश्वकर्मा जबलपुर से रायपुर जा रहे थे, जबकि दूसरे ट्रक के चालक शिवम चौरसिया रायगढ़ से छतरपुर की ओर जा रहे थे। दुर्घटना के बाद दोनों अपने-अपने ट्रकों के स्टेयरिंग में फंस गए थे।

C4 से इवेंट प्राप्त होने के बाद डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और थाना चिल्फी पुलिस टीम की सहायता से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। स्टेयरिंग रॉड को काटकर दोनों चालकों को बाहर निकाला गया। दोनों चालक घायल अवस्था में थे।

मौके पर 108 वाहन के नहीं पहुंच पाने की स्थिति में डायल-112 टीम ने दोनों घायलों को अपने वाहन से सीएचसी बोडला पहुंचाया, जहां उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

रेस्क्यू और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई में डायल-112 टीम के आरक्षक क्रमांक 886 गंगाराम धुर्वे और चालक मुकेश दास की सराहनीय भूमिका रही।

कबीरधाम पुलिस के अनुसार, डायल-112 सेवा के माध्यम से आपात परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के साथ जरूरतमंद नागरिकों की सुरक्षा और जीवन रक्षा के लिए तत्परता से कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *