Kabirdham News: सेवा संकल्प अभियान को लेकर कलेक्टर सख्त, सभी गतिविधियां समय पर कराने के निर्देश
Kabirdham News: कबीरधाम जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाली सभी गतिविधियों को निर्धारित समय पर आयोजित करने के निर्देश कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने दिए हैं। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में हुई साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उन्होंने सेवा संकल्प अभियान की अब तक की गतिविधियों और आगामी आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के कार्यों और शासकीय योजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लगातार दो साल की उपलब्धि पर भोरमदेव शक्कर कारखाने को बधाई
बैठक के दौरान कलेक्टर ने भोरमदेव शक्कर कारखाना द्वारा लगातार दो वर्षों तक देश में सर्वाधिक शक्कर रिकवरी का रिकॉर्ड कायम कर नेशनल अवार्ड हासिल करने पर प्रसन्नता जताई।
उन्होंने शक्कर कारखाने के अधिकारी-कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कारखाने के अधिकारियों को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित भी किया गया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री नरेंद्र पैकरा, श्री आर.पी. अचला, श्री सागर सिंह राज, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती रूचि शार्दुल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सेवा संकल्प अभियान में जनभागीदारी पर जोर
कलेक्टर ने जिले के सभी नगरीय निकायों में सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाली गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की। इनमें सेवा मेरा योगदान उत्सव, सेवा और स्वच्छता, विद्या दान एवं शिक्षा सहयोग, अन्न एवं वस्त्र दान, कौशल ज्ञान दान एवं प्रशिक्षण, हरित छत्तीसगढ़ एवं पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा एवं जागरूकता, स्वास्थ्य एवं रक्तदान तथा स्थानीय उत्पाद एवं महिला सशक्तिकरण जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
उन्होंने अधिकारियों को सभी आयोजनों की तैयारियां समय पर पूरी करने और प्रत्येक गतिविधि में समाज के अलग-अलग वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
1 अक्टूबर को स्कूलों में होंगी प्रतियोगिताएं
सेवा संकल्प अभियान के तहत 1 अक्टूबर को जिले के सभी चार विकासखंडों के हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
कलेक्टर ने इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों की भी इन प्रतियोगिताओं में अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित कराने को कहा।
जल संरक्षण के कार्यों की सराहना
बैठक में कलेक्टर ने जल जन सेवा संकल्प अभियान के तहत जल संसाधन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने जल संरक्षण और जल संवर्धन से जुड़े कार्यों को आगे भी प्रभावी तरीके से जारी रखने के निर्देश दिए।
1 से 7 अक्टूबर तक चलेगा सेवा सेतु अभिया
कलेक्टर ने आम नागरिकों तक विभिन्न शासकीय सेवाओं और योजनाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आयोजित होने वाले सेवा सेतु अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की।
उन्होंने 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले शिविरों के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों तक विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं की पहुंच आसान बनाने का उद्देश्य रखा गया है।
बोड़ला में वृद्धजनों के लिए लगेगा स्वास्थ्य शिविर
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को 1 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर विकासखंड मुख्यालय बोड़ला में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
शिविर में वृद्धजनों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के साथ उन्हें जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
ई-ऑफिस और बायोमैट्रिक उपस्थिति की भी समीक्षा
बैठक में सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्धारित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जिले में ई-ऑफिस के क्रियान्वयन की भी जानकारी ली गई। इसके बेहतर संचालन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए। वहीं सभी शासकीय कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया।
