कबीरधाम। जिले में जमीन की रजिस्ट्री के दौरान फर्जी चेक के जरिए भुगतान दिखाकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। दामापुर पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लाखों रुपये के चेक देकर जमीन का रजिस्ट्रीकरण कराया था। पुलिस ने बैंक रिकॉर्ड और रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी मनकी राम भास्कर पिता स्व. विशाल भास्कर ने 14 सितंबर 2026 को पुलिस चौकी दामापुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने उनकी जमीन खरीदने के दौरान चेक के जरिए भुगतान दर्शाया और इसी आधार पर रजिस्ट्री करा ली।
प्रार्थी की खसरा नंबर 29/9 की 0.6150 हेक्टेयर जमीन के संबंध में 1 जुलाई 2026 को रजिस्ट्री कराई गई थी। वहीं, खसरा नंबर 51/05 और 52/01 की क्रमशः 0.2590 और 0.1910 हेक्टेयर जमीन के लिए 19 फरवरी 2026 को रजिस्ट्री हुई थी। इन दोनों मामलों में आरोपियों ने अपने बैंक खाते से जारी IDFC बैंक के चेक दिए थे। चेक में क्रमशः 12 लाख 30 हजार और 10 लाख 30 हजार रुपये की राशि दर्ज थी।
शिकायत के आधार पर थाना कुण्डा में अपराध क्रमांक 134/2026 के तहत धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बैंक रिकॉर्ड और रजिस्ट्री दस्तावेजों की जांच
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जमीन व रजिस्ट्री से संबंधित दस्तावेज जब्त किए। आरोपियों के बैंक खातों और चेक के संबंध में बैंक से जानकारी जुटाई गई। इसके अलावा उप पंजीयक कार्यालय पंडरिया से संबंधित रजिस्ट्री और अभिलेख प्राप्त कर उनका परीक्षण किया गया।
जांच में मिले दस्तावेजी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन कुमार टण्डन, किशन कुमार टण्डन और बलीराम टण्डन के रूप में हुई है। तीनों ग्राम गिरधारीकापा, पुलिस चौकी दामापुर, थाना कुण्डा, जिला कबीरधाम के निवासी हैं।
पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया भूपत सिंह
पुलिस ने तीनों आरोपियों को 29 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया। फिलहाल मामले में बैंक संबंधी अभिलेखों, रजिस्ट्री दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में चौकी दामापुर प्रभारी निरीक्षक रोसन लाल टोंडरे के नेतृत्व में आरक्षक हेमंत चंद्रवंशी, दिलीप लहरे, फागू और अजय पैकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
