CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए जुटाए खिलौने, कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने भी खिलौना बैंक में दिया योगदान

कवर्धा, 5 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत कवर्धा के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए खिलौना संग्रह अभियान चलाया गया। सुबह 10 बजे शुरू हुए अभियान में शहरवासियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय सोसायटियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। देखते ही देखते खिलौना बैंक में बच्चों के लिए बड़ी संख्या में खिलौने और खेल सामग्री जमा हो गई।

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने भी 3 से 6 वर्ष के बच्चों को ध्यान में रखते हुए उपयोगी खिलौने खिलौना बैंक को भेंट किए। उन्होंने नागरिकों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि समुदाय के सहयोग से आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को खेल-खेल में सीखने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

अभियान में किसी ने मिकी माउस दिया तो कोई गुड्डे-गुड़िया, बिल्डिंग ब्लॉक और बैट-बॉल लेकर पहुंचा। इसके अलावा सॉफ्ट टॉयज, पजल और शैक्षणिक बोर्ड गेम्स जैसी सामग्री भी एकत्र की गई।

इस अभियान का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए अतिरिक्त खेल सामग्री उपलब्ध कराना है। खिलौनों के जरिए बच्चों की कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता और सामाजिक कौशल को बढ़ावा देने के साथ प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

कलेक्टर ने जिलेवासियों से भी अपील की है कि वे बच्चों के लिए उपयोगी और सुरक्षित खिलौने या खेल सामग्री स्वेच्छा से उपलब्ध कराकर इस अभियान में सहयोग करें। एकत्रित सामग्री बच्चों की उम्र और जरूरत के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्रों में उपयोग की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *