CG News Times

पंडरिया में सेवा सेतु शिविर: 63 आवेदन मिले, विधायक भावना बोहरा ने नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी

कवर्धा। सेवा संकल्प अभियान के तहत “सेवा सेतु सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत पंडरिया में ब्लॉक स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिषद पंडरिया क्षेत्र के लोरमी रोड, वार्ड क्रमांक 08 स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित शिविर में आम नागरिकों ने अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से जुड़े कुल 63 आवेदन प्रस्तुत किए।

शिविर में पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा, नगर पालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्राप्त आवेदनों की जानकारी लेते हुए नागरिकों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया और विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी।

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सेवा सेतु शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को आम नागरिकों तक सहज रूप से पहुंचाना है। नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए ऐसे शिविर महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

शिविर के दौरान नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। संबंधित विभागों ने लोगों की समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग भी दिया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नागरिकों से शिविर में उपलब्ध सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और पात्रतानुसार शासन की योजनाओं से जुड़ने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *