कवर्धा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 7 अक्टूबर को आयोजित होने वाली सेवा ज्योति यात्रा को लेकर कबीरधाम जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि सेवा ज्योति यात्रा 7 अक्टूबर को सुबह 10 बजे जिला मुख्यालय स्थित पीजी कॉलेज डोम से शुरू होगी। यात्रा निर्धारित मार्ग से हनुमान वाटिका, सर्किट हाउस के सामने से महामाया मंदिर, भारत माता चौक, सिग्नल चौक, विंध्यवासिनी माता मंदिर और झंडा चौक होते हुए वापस पीजी कॉलेज डोम पहुंचेगी।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने संबंधित विभागों को निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और आयोजन को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे वर्चुअल संबोधन
बैठक में बताया गया कि सेवा ज्योति यात्रा के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
हाईकोर्ट के प्रकरणों की भी समीक्षा
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों से संबंधित छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने विभाग प्रमुखों को न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर आवश्यक कार्रवाई करने और निर्धारित समयावधि में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, सागर सिंह राज सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
