कवर्धा। बोड़ला विकासखंड के ग्राम छांटा निवासी दिव्यांग महेश कुमार पटेल को उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने सहायक उपकरणयुक्त स्कूटी प्रदान की। कवर्धा स्थित निवास कार्यालय में स्कूटी की चाबी मिलने के बाद महेश के लिए आवागमन आसान होने के साथ ही आजीविका के नए अवसरों की उम्मीद भी बढ़ी है।
इस मौके पर स्थानीय पीजी कॉलेज की छात्राओं ने महेश को स्कूटी की चाबी सौंपी। छात्राओं ने उनसे बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया और स्कूटी चलाने का अभ्यास भी कराया।
महेश कुमार ने बताया कि उन्होंने स्नातक तक पढ़ाई की है। दिव्यांगता के कारण आवागमन में परेशानी होने से उन्हें कई कामों के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब स्कूटी मिलने से रोजमर्रा के काम आसान होंगे और वे अपना काम शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
आवेदन के बाद मिला स्कूटी का लाभ
महेश ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि आवेदन के बाद पात्रता के अनुसार सहायक उपकरणयुक्त स्कूटी मिल सकती है। शुरुआत में उन्हें इस पर भरोसा नहीं हुआ, लेकिन स्कूटी मिलने के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अब आवागमन के लिए दूसरों पर निर्भरता कम होगी और वे अपने काम खुद कर सकेंगे।
100 से अधिक दिव्यांगजनों को मिली स्कूटी
उल्लेखनीय है कि कवर्धा क्षेत्र में दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सहायक उपकरणयुक्त स्कूटी उपलब्ध कराई जा रही हैं। जारी जानकारी के अनुसार अब तक 100 से अधिक दिव्यांगजनों को ऐसी स्कूटी दी जा चुकी हैं।
