रायपुर।
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में सरकारी स्कूल की शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके 18 वर्षीय बेटे सुजल बरेठ की हत्या के मामले में पुलिस प्रेम संबंध और पैसों के विवाद की जांच कर रही है। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया है। हालांकि, हत्या की वजह और वारदात में उसकी भूमिका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रजनी का युवक के साथ प्रेम संबंध था और उसका उनके घर आना-जाना भी था। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले रजनी ने 20 लाख रुपए का लोन लिया था। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की आशंका जताई जा रही है।
सड़क किनारे मिला बेटे का शव
मामला जयनगर और बिश्रामपुर थाना क्षेत्र का है। शनिवार सुबह जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में नेशनल हाईवे-43 से जुड़ी ग्रामीण सड़क के किनारे एक युवक का शव मिला था। उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे। शुरुआती जांच में हत्या के बाद शव वहां फेंके जाने की आशंका जताई गई।
पहचान नहीं होने पर शव को विश्रामपुर मॉर्च्युरी भेजा गया। बाद में मृतक की पहचान बिश्रामपुर के कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं के छात्र सुजल बरेठ (18) के रूप में हुई।
घर से दूर मिली स्कूटी
सुजल की पहचान होने के बाद पुलिस को उसकी स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में खड़ी मिली। पुलिस देर रात उसके घर पहुंची तो मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था। उसकी मां रजनी का भी कोई पता नहीं चल रहा था।
इसके बाद पुलिस ने सुजल के परिचितों को मौके पर बुलाया और उनकी मौजूदगी में घर का ताला खुलवाया। अंदर बाथरूम में रजनी बरेठ (40) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
पांच साल पहले हुआ था तलाक
रजनी बेलटिकरी के सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं। करीब पांच साल पहले पति से तलाक होने के बाद वह अपने बेटे के साथ सूरजपुर के केशवनगर में किराए के मकान में रहती थीं। वह मूल रूप से जांजगीर की रहने वाली थीं।
प्रेम संबंध और पैसों के विवाद की जांच
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में रजनी के एक युवक के साथ प्रेम संबंध की जानकारी सामने आई है। युवक के घर आने-जाने और 20 लाख रुपए के लोन को लेकर विवाद की आशंका के आधार पर जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी है।
स्कूल में शोक, एक दिन की छुट्टी
सुजल कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था। उसकी मौत की खबर से स्कूल में शोक का माहौल है। छात्र को श्रद्धांजलि देने के लिए स्कूल प्रबंधन ने एक दिन की छुट्टी घोषित की है।
