कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में करोड़ों रुपए की गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी घनश्याम गुर्जर को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोटपुतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ सदर थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कंटेनर के गुप्त चेंबर में छिपाया था गांजा
मामला 24 फरवरी 2026 का है। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद चिल्फी पुलिस ने नेशनल हाईवे-30 पर नाकाबंदी कर एक संदिग्ध कंटेनर को रोका था। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर बने गुप्त चेंबर से 890 पैकेट में रखा 927.645 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ था। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 63 लाख रुपए बताई गई, जबकि तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर की कीमत करीब 30 लाख रुपए थी।
जांच में सामने आया घनश्याम का नाम
मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) और 29 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर राजस्थान निवासी घनश्याम गुर्जर की कथित संलिप्तता सामने आई। इसके बाद उसे प्रकरण में मुख्य आरोपी बनाया गया।
तकनीकी मदद से राजस्थान में पकड़ा गया
घटना के बाद से घनश्याम लगातार फरार था। कबीरधाम पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। तकनीकी सहायता और लगातार पतासाजी के बाद पुलिस टीम ने 9 अक्टूबर 2026 को राजस्थान के बहरोड़ सदर थाना क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। ट्रांजिट रिमांड लेकर आरोपी को कबीरधाम लाया गया।
चिल्फी पुलिस और एएनटीएफ ने की पूछताछ
कबीरधाम लाने के बाद चिल्फी पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने आरोपी से पूछताछ कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। 12 अक्टूबर को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी प्रशांत देवांगन के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में साइबर थाना, एएनटीएफ और चिल्फी पुलिस की टीम शामिल रही।
कबीरधाम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध परिवहन से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर नजदीकी थाने या पुलिस को सूचित करें।
