CG News Times

विधायक भावना बोहरा के आग्रह पर मंत्री टंकराम वर्मा की बड़ी घोषणा, पंडरिया-पांडातराई को दी ₹2.5-₹2.5 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

कबीरधाम। पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्र कुई-कुकदूर में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और बुनियादी सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए कई विकास कार्यों की शुरुआत की गई। कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा और विधायक भावना बोहरा ने कुल 5 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान शासकीय महाविद्यालय कुई-कुकदूर की छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा भी शुरू की गई। कार्यक्रम में 5 हजार से अधिक लोग शामिल हुए।

छात्राओं के लिए शुरू हुई निःशुल्क बस सेवा

विधायक भावना बोहरा की पहल से शुरू हुई बस सेवा के जरिए दूरस्थ गांवों की छात्राओं को कॉलेज आने-जाने में सुविधा मिलेगी। बस ग्राम अमनिया से शुरू होकर नेऊर, कुशियारी, महीडबरा, दमगढ़, लुढुटोला, उपका, अमेरा, कुर्सीकछार और कुई की छात्राओं को लेकर महाविद्यालय पहुंचेगी। इस सेवा के शुरू होने के साथ पंडरिया विधानसभा में कुल 9 निःशुल्क बस सेवाएं संचालित होंगी। अब तक इन सेवाओं से 1,500 से अधिक बेटियों को लाभ मिल चुका है।

कॉलेज भवन के लिए 4.65 करोड़ रुपए का भूमिपूजन

शासकीय महाविद्यालय कुई-कुकदूर में 4 करोड़ 65 लाख 84 हजार रुपए की लागत से बनने वाले नए भवन का भूमिपूजन किया गया। इससे वनांचल के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी और उच्च शिक्षा हासिल करने के अवसर बढ़ेंगे।

71.12 लाख से बने तहसील कार्यालय का लोकार्पण

कुई-कुकदूर में 71 लाख 12 हजार रुपए की लागत से निर्मित तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। अब ग्रामीणों को आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित राजस्व एवं भूमि संबंधी कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे लोगों के समय और पैसे की बचत होगी।

कुई और कुकदूर में बनेंगे महतारी सदन

दोनों गांवों में 30-30 लाख रुपए की लागत से महतारी सदन बनाए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को सामुदायिक गतिविधियों, जागरूकता कार्यक्रमों और महिला सशक्तिकरण से जुड़े आयोजनों के लिए स्थान उपलब्ध होगा।

तीन कॉलेजों के लिए मंत्री ने की बड़ी घोषणा

विधायक भावना बोहरा के आग्रह पर मंत्री टंकराम वर्मा ने ग्राम कापादाह में नए शासकीय महाविद्यालय की स्थापना की घोषणा की। इसके साथ ही पंडरिया और पांडातराई के शासकीय महाविद्यालयों में ऑडिटोरियम निर्माण और परिसर के विकास के लिए ढाई-ढाई करोड़ रुपए देने की घोषणा भी की गई।

मंत्री और विधायक ने विकास को बताया प्राथमिकता

मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक शिक्षा, प्रशासनिक सुविधाएं और बुनियादी विकास पहुंचाना है। उन्होंने छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा शुरू करने की पहल की सराहना की।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि किसी भी बेटी की पढ़ाई आवागमन की परेशानी या आर्थिक बाधा के कारण नहीं रुकनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वनांचल के गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासनिक सुविधाओं और महिला सशक्तिकरण को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *