CG News Times

किसानों को CM साय की बड़ी सौगात! 79 करोड़ की सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन

छत्तीसगढ़ के CM साय ने प्रदेश के किसानों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने जशपुर जिले के बगिया स्थित अपने कैम्प कार्यालय में 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपए की लागत से बनने वाली बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन किया। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

परियोजना के माध्यम से 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों की 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे किसानों को खेती के लिए बारिश पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और कृषि उत्पादन बढ़ाने के नए अवसर मिलेंगे।

खरीफ के साथ रबी की खेती को भी मिलेगा बढ़ावा

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आधार है। किसानों की समृद्धि और उनकी आय में वृद्धि करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि पर्याप्त सिंचाई सुविधा नहीं होने के कारण किसानों को कई बार मौसम और वर्षा पर निर्भर रहना पड़ता है। बगिया बैराज परियोजना के निर्माण से किसानों की यह समस्या काफी हद तक दूर होगी। अब किसानों को खरीफ के साथ रबी की फसल के लिए भी पानी उपलब्ध हो सकेगा। इससे किसान साल में एक से अधिक फसल लेकर अपनी आमदनी बढ़ा सकेंगे।

मोबाइल से संचालित होगी सिंचाई व्यवस्था, आधुनिक तकनीक का होगा इस्तेमाल

बगिया बैराज परियोजना की सबसे खास बात इसमें आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल है। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि इस परियोजना की सिंचाई व्यवस्था को मोबाइल के माध्यम से संचालित किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में आधुनिक तकनीक पर आधारित इस तरह की यह पहली परियोजना है। इससे जल प्रबंधन अधिक सुविधाजनक और प्रभावी बनेगा। किसानों को जरूरत के अनुसार समय पर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

मैनी नदी पर बनेगा बैराज, 13 गांवों को मिलेगा लाभ

उल्लेखनीय है कि बगिया बैराज का निर्माण मैनी नदी पर स्थित पुल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर ग्राम मुसकुटी में किया जाएगा।

इस परियोजना से बगिया, रजौटी, सुजीबहार, दोकड़ा, पतरापाली, बांसबहार सहित आसपास के कुल 13 गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा।

परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में सिंचाई का दायरा बढ़ेगा। साथ ही कृषि आधारित आजीविका को मजबूती मिलेगी और किसानों के लिए सालभर खेती करने की संभावनाएं विकसित होंगी।

किसानों और ग्रामीणों को CM साय ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परियोजना के भूमिपूजन पर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सिर्फ सिंचाई सुविधा का विस्तार नहीं है, बल्कि हजारों किसान परिवारों की खुशहाली और क्षेत्र के कृषि विकास की मजबूत आधारशिला है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *