भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी आज यानी 11 नवंबर को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आ रही हैं। प्रदेश प्रभारी का पद संभालने के बाद यह उनका दूसरा छत्तीसगढ़ दौरा होगा। इस दौरान उनका मुख्य फोकस 15 नवंबर को रायगढ़ में आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम की तैयारियों पर रहेगा।
दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 15 नवंबर को रायगढ़ में होने वाले जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियों का जायजा लेने और व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के लिए स्मृति ईरानी छत्तीसगढ़ पहुंच रही हैं।
रायपुर एयरपोर्ट से सीधे धरमजयगढ़ के लिए होंगी रवाना
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह स्मृति ईरानी रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से वह बिना रुके सीधे धरमजयगढ़ के लिए रवाना होंगी। वहां जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लेंगी।
इस दौरान वह कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों और भाजपा नेताओं के साथ बैठक भी करेंगी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। इसके बाद देर रात स्मृति ईरानी वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।
पखवाड़े भर में स्मृति ईरानी का दूसरा छत्तीसगढ़ दौरा
बता दें कि स्मृति ईरानी इससे पहले 25 अक्टूबर को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर आई थीं। अब पखवाड़े भर के भीतर 11 नवंबर को उनका दूसरा दौरा तय हुआ है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले प्रदेश प्रभारी का यह दौरा राजनीतिक और संगठनात्मक लिहाज से अहम माना जा रहा है।
