भिलाई। भिलाई में यूथ कांग्रेस चुनाव के बीच मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक पिज्जा डिलीवरी बॉय के साथ कुछ युवक मारपीट करते नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि युवक के कपड़े उतरवाकर उसके साथ मारपीट की गई। मामले में डिलीवरी बॉय की शिकायत पर पुलिस ने राहुल साहू, आदित्य वैष्णव, आयुष सिंह और नितिन सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है और घटना 29 अगस्त की रात की बताई जा रही है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह नेहरू नगर स्थित डोमिनोज पिज्जा में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पिज्जा डिलीवरी के बाद लौटते समय हुआ विवाद
शिकायत के अनुसार, 29 अगस्त की रात करीब 2 बजे डिलीवरी बॉय पिज्जा पहुंचाने के लिए स्मृति नगर गया था। वहां से लौटते समय उसे राहुल साहू, आदित्य वैष्णव, आयुष सिंह और नितिन सिंह दो बाइक पर जाते मिले। आरोप है कि युवकों ने उसे देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
करीब 2:30 बजे डिलीवरी बॉय कैश जमा करने के लिए रुका। इसी दौरान चारों युवक वहां पहुंचे। डिलीवरी बॉय ने गाली देने का कारण पूछा तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
बीच-बचाव करने आए दोस्तों से भी मारपीट का आरोप
डिलीवरी बॉय ने अपने दोस्त मयंक लकड़ा और लीलाधर साहू को फोन कर मौके पर बुलाया। दोनों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
इसके बाद डर के कारण डिलीवरी बॉय और उसके दोस्त डोमिनोज पहुंच गए। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी वहां भी पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक युवक ने हाथ में पहने कड़े से डिलीवरी बॉय के सिर पर वार किया। घटना के कुछ देर बाद नितिन सिंह का भाई अमन सिंह भी मौके पर पहुंचा। आरोप है कि अमन सिंह ने भी डिलीवरी बॉय के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
CCTV में कैद हुई घटना, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
बताया गया है कि डोमिनोज में लगे CCTV कैमरों में मारपीट की घटना रिकॉर्ड हुई। इसी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखाई दे रहा है, जबकि कुछ युवक उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर पहले भी सामने आया था विवाद
भिलाई में यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर इससे पहले भी विवाद सामने आ चुका है। 5 सितंबर को खुर्सीपार में चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों के युवाओं के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की और झूमाझटकी तक पहुंच गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग कराया था।
भिलाई नगर विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस पार्षद सुभ्रदा सिंह के बेटे रॉबिन सिंह चुनाव मैदान में हैं। वहीं, दूसरे गुट की ओर से अर्जुन शर्मा चुनाव लड़ रहे हैं। प्रचार के दौरान दोनों पक्षों से जुड़े युवाओं के बीच विवाद का वीडियो भी सामने आया था।
फिलहाल डिलीवरी बॉय से मारपीट के मामले में पुलिस जांच कर रही है। मामले में सामने आए आरोपों और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
