CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: वनांचल गांव पहुंचे SP, छात्रों के लिए होगा बड़ा काम

कबीरधाम। जिले के थाना झलमला क्षेत्र के वनांचल ग्राम समनापुर में पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और विद्यार्थियों के बीच पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठकर क्षेत्र की समस्याओं, सुरक्षा व्यवस्था और जरूरतों को लेकर आत्मीय संवाद किया।

पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से क्षेत्र की वर्तमान स्थिति और गांव के आसपास होने वाली गतिविधियों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और सुझाव उनके सामने रखे। पुलिस अधीक्षक ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए थाना प्रभारी झलमला को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद और सहयोग से ही सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से पुलिस के साथ मिलकर क्षेत्र की समस्याओं पर काम करने की अपील की।

युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश

जनसंवाद के दौरान पुलिस अधीक्षक ने युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और क्षमता का इस्तेमाल शिक्षा, खेल और समाज के विकास में होना चाहिए।

उन्होंने ग्रामीणों से नशा मुक्त और जागरूक समाज बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। कबीरधाम पुलिस की ओर से नशा मुक्ति अभियान के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

वनांचल के छात्रों के लिए बनेगी लाइब्रेरी

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक की एक पहल ने विद्यार्थियों का ध्यान खींचा। वनांचल क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक पुलिसिंग के तहत लाइब्रेरी स्थापित करने की पहल की जा रही है।

लाइब्रेरी के लिए जल्द ही उपयुक्त स्थान का निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद कबीरधाम पुलिस द्वारा लाइब्रेरी की स्थापना की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इससे वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण और जरूरी संसाधन मिल सकेंगे।

कबीरधाम पुलिस की यह पहल सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ शिक्षा, नशा मुक्ति और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इस दौरान थाना प्रभारी झलमला निरीक्षक अरविन्द साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, नागरिक, युवा और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *