CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: खेत में दिखा तेंदुआ, सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

कबीरधाम। जिले के ग्राम जैतपुरी के एक खेत में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डायल 112 की कोतवाली पैंथर-01 टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

डायल 112 की टीम ने मौके की जानकारी वन विभाग की रेस्क्यू टीम को दी। जिला वन मंडल अधिकारी कबीरधाम निखिल अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे और वन विभाग की टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तेंदुए के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए रायपुर से विशेष टीम को बुलाया गया।

रायपुर से रेस्क्यू टीम के पहुंचने तक डायल 112 की टीम मौके पर मौजूद रही और आवश्यक सहयोग प्रदान किया। इसके बाद थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक लालजी सिन्हा, थाना प्रभारी भोरमदेव निरीक्षक लालमन साव और पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने के बाद डायल 112 टीम ने घटना की जानकारी उन्हें सौंप दी और अपने पॉइंट पर वापस रवाना हो गई।

पुलिस ने लोगों से की अपील

कबीरधाम पुलिस ने वन्यजीव दिखाई देने पर लोगों से शांत रहने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि वन्यजीव को देखने, पकड़ने या उसके पास जाने की कोशिश न करें।

तेंदुआ या किसी अन्य वन्यजीव की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल 112 या वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है। पुलिस के मुताबिक, लोगों की सतर्कता से आसपास के लोगों के साथ-साथ वन्यजीव की सुरक्षा भी सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *