Kawardha News: गौ सेवकों और अधिकारियों के साथ विजय शर्मा की बैठक
Kawardha News: उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने गुरुवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में गौ सेवकों और संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में सड़कों पर विचरण करने वाले पशुओं के साथ-साथ बीमार और घायल पशुओं के रेस्क्यू, उपचार और संरक्षण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने गौ सेवकों से उनके काम के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली और पशुओं की बेहतर देखभाल एवं उपचार व्यवस्था को लेकर सुझाव भी लिए। उन्होंने कहा कि गौ सेवक दिन-रात बीमार और घायल पशुओं की सेवा में जुटे रहते हैं और सड़क पर घायल मिले पशुओं को रेस्क्यू कर उपचार के लिए पशु चिकित्सालय तक पहुंचाते हैं।

गौ सेवकों की समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश
विजय शर्मा ने गौ सेवकों के सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पशुओं की सेवा और संरक्षण में उनका योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौ सेवकों के लिए संपर्क और सहायता व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि किसी घायल पशु के रेस्क्यू या अन्य सेवा कार्य के दौरान उन्हें परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि गौ सेवकों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए और रेस्क्यू से जुड़ी व्यवस्था को ज्यादा प्रभावी बनाया जाए।
पशुपालन विभाग के चिकित्सकीय अमले की ली जानकारी
बैठक में उप मुख्यमंत्री ने पशुपालन विभाग के चिकित्सकों, सहायक चिकित्सकों और उपलब्ध मानव संसाधन की जानकारी ली। उन्होंने यह भी जाना कि जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कौन-कौन से चिकित्सक पदस्थ हैं और किन स्थानों पर पशु चिकित्सा सेवाओं की अधिक आवश्यकता है।
उन्होंने सभी चिकित्सकों की बैठक आयोजित कर जिले में पशुओं के उपचार और रेस्क्यू को प्रभावी बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। विजय शर्मा ने कहा कि जहां पशुओं के उपचार की अधिक आवश्यकता है, वहां पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि बीमार और घायल पशुओं को समय पर उपचार मिल सके।
24 घंटे संचालित होगा पशु रेस्क्यू वाहन
बैठक में जिले में उपलब्ध पशु रेस्क्यू वाहन को लेकर भी चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि रेस्क्यू वाहन को 24 घंटे संचालित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल या बीमार पशु की सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम को तत्काल मौके पर पहुंचना चाहिए। इसके लिए जिम्मेदारी तय करने के साथ-साथ संपर्क व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वर्ण जयंती परिसर में पशु चिकित्सालय शिफ्ट करने पर चर्चा
बैठक में स्वर्ण जयंती परिसर का निरीक्षण कर वहां पशु चिकित्सालय को शिफ्ट करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। विजय शर्मा ने गौ सेवकों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से परिसर का निरीक्षण कर पशु चिकित्सालय को वहां स्थानांतरित करने के लिए जरूरी कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि बड़े और व्यवस्थित स्थान पर बीमार एवं घायल पशुओं के उपचार, देखभाल और विश्राम के लिए बेहतर व्यवस्था विकसित की जा सकती है। ऐसी जगह पर पशुओं को उपचार के साथ सुरक्षित स्थान, पर्याप्त खुला क्षेत्र और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
किसानों से अधिक से अधिक पैरादान की अपील
पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने आसपास के गांवों के किसानों से संपर्क कर अधिक से अधिक पैरादान के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसान फसल अवशेष के रूप में उपलब्ध पैरा जलाने के बजाय गौवंश के लिए दान करें। इससे एक ओर पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने गौ सेवकों और संबंधित लोगों से वीडियो तथा अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए किसानों को पैरादान के लिए जागरूक करने की बात कही।

दुर्घटना संभावित स्थानों पर बेरिकेडिंग का सुझाव
बैठक में सड़क पर बैठे पशुओं को दुर्घटनाओं से बचाने के लिए दुर्घटना संभावित और अत्यधिक मोड़ वाले स्थानों को चिन्हांकित करने पर भी चर्चा हुई।
ऐसे स्थानों पर जरूरत के अनुसार बेरिकेडिंग या अन्य सुरक्षा उपाय करने का सुझाव दिया गया, ताकि सड़क पर बैठे पशुओं की वजह से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। साथ ही वाहन चालकों को भी ऐसे स्थानों पर सावधानी बरतने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया।
बैठक में गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा सहित जनप्रतिनिधि, गौ सेवक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
