CG News Times

Kabirdham Murder Case: जादू-टोने के शक में ग्रामीण की हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार; 2 नाबालिग हिरासत में

कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के ग्राम कांदावानी में जादू-टोना करने के संदेह को लेकर हुए विवाद में एक ग्रामीण की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल 2 विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर को ग्राम कांदावानी में चैतराम बैगा के दशगात्र कार्यक्रम के दौरान मृतक रामसिंह बैगा के साथ गांव के कुछ लोगों का जादू-टोना करने के संदेह को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद रामसिंह को पकड़कर बरसाती नाला की ओर ले जाया गया, जहां उसके साथ लाठी, पत्थर और हाथ-मुक्के से मारपीट की गई।

गंभीर चोट लगने से रामसिंह बैगा की मौत हो गई। घटना के संबंध में 10 सितंबर को मृतक की पत्नी सवनीबाई बैगा ने कुकदूर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि

सूचना मिलते ही कुकदूर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले से जुड़े लोगों की तलाश शुरू की। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें मौत की प्रकृति हत्यात्मक पाई गई।

जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने महर सिंह बैगा, धनसू बैगा और जोगी बैगा को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपियों ने रामसिंह को हत्या की नीयत से नाले की ओर ले जाकर उसके साथ मारपीट की थी।

लाठी और पत्थर समेत सामग्री जब्त

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लकड़ी की लाठी, पत्थर और अन्य सामग्री जब्त की है। मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं, मामले में शामिल 2 विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) BNS के अंतर्गत कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. महर सिंह बैगा, उम्र 24 वर्ष
  2. धनसू बैगा, उम्र 21 वर्ष
  3. जोगी बैगा, उम्र 21 वर्ष

तीनों ग्राम कांदावानी, थाना कुकदूर, जिला कबीरधाम के निवासी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *