CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: रात में दुकानों के ताले तोड़ने वाला 8 सदस्यीय गिरोह पकड़ा, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

कबीरधाम। पुलिस ने रात के समय दुकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले 8 सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना बोडला, चौकी पोड़ी, थाना सहसपुर लोहारा और जिला बेमेतरा में चोरी की वारदातों से जुड़े आरोपियों पर पुलिस ने कार्रवाई की है।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य रात में किराना और अन्य दुकानों की रेकी कर ताले तोड़कर अंदर घुसते थे। इसके बाद दुकानों में रखी नगदी और सामान चोरी कर ले जाते थे। चोरी के सामान को छिपाने के बाद उसे अलग-अलग लोगों के जरिए बेच दिया जाता था।

कई इलाकों में वारदात, पुलिस ने जोड़ी कड़ियां

WhatsApp Unknown 2026-09-12 at 16.36.47

31 जुलाई और 1 अगस्त की दरमियानी रात बोडला और पोड़ी की दुकानों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। इन मामलों में थाना बोडला में अपराध क्रमांक 89/26 और 90/26 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसी तरह सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में भी चोरी की घटना सामने आई थी।

मामलों की जांच के दौरान साइबर थाना कबीरधाम, थाना बोडला, थाना सहसपुर लोहारा और चौकी पोड़ी की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।

4 ने चोरी की, 4 ने माल खपाया

जांच में सामने आया कि गिरोह में चोरी करने वाले और चोरी का माल खरीदने-बेचने वाले अलग-अलग लोग शामिल थे।

चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले रवि सारथी, लखन निषाद, राहुल सारथी और रिंकू साहू के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

वहीं चोरी के सामान की खरीद-बिक्री और मध्यस्थता में शामिल एस. सुब्बाराव पात्रों, राहुल दिलदार, शोएब खान और राजू कटले के खिलाफ भी BNS की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी रवि सारथी और राहुल सारथी ने बेमेतरा जिले में एक मोबाइल शॉप में चोरी करना भी स्वीकार किया है। इसकी सूचना बेमेतरा पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बरामद किया चोरी का सामान

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल सब्बलनुमा लोहे की रॉड, मोटरसाइकिल, 6 मोबाइल फोन और चोरी से संबंधित सिगरेट, राजश्री के पैकेट सहित अन्य सामान बरामद किया है।

कबीरधाम पुलिस द्वारा गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। चोरी के माल की खरीद-बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है।

पूरी कार्रवाई में साइबर थाना कबीरधाम, थाना बोडला, चौकी पोड़ी और थाना सहसपुर लोहारा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री अखिलेश कौशिक बाइट

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *