CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: किसानों के पंजीयन से लेकर राजस्व प्रकरणों तक, कलेक्टर ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश

कवर्धा। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने एग्रीस्टेक पोर्टल पर जिले के सभी किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने साफ कहा कि कोई भी किसान पंजीयन से वंचित नहीं रहना चाहिए।

कलेक्टर ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी समेत शासन की कई योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने के लिए किसानों का एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन जरूरी है। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को ग्राम स्तर पर पंजीयन की स्थिति की नियमित समीक्षा करने और बचे हुए किसानों का जल्द पंजीयन कराने के निर्देश दिए।

राजस्व प्रकरणों के जल्द निराकरण पर भी जोर

बैठक में नामांतरण, बंटवारा, फौती, सीमांकन समेत लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को अपने काम के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। पुराने और लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश भी दिए गए।

एसडीएम हर सप्ताह करेंगे समीक्षा

कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अपने-अपने अनुभाग में हर सप्ताह बैठक लेकर राजस्व कार्यों की समीक्षा करने को कहा। बैठक में लंबित प्रकरणों, नामांतरण, बंटवारा, फौती और सीमांकन की प्रगति देखी जाएगी। साथ ही मैदानी स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों के काम की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।

जर्जर भवनों में चल रहे कोचिंग सेंटरों की जांच

जिले में जर्जर और पुराने भवनों में संचालित कोचिंग सेंटरों और अन्य संस्थानों की भी जांच के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि असुरक्षित भवनों में गतिविधियां संचालित होने से संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कार्रवाई की जाए। विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

कार्यालयों की साफ-सफाई और व्यवस्था पर भी जोर

कलेक्टर ने राजस्व कार्यालयों को साफ, सुंदर और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। अभिलेखों और दस्तावेजों को व्यवस्थित रखने के साथ कार्यालय आने वाले नागरिकों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, रामप्रसाद आचला, सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *