CG News Times

Bhilai News: 70 ग्राम हेरोइन के साथ महिला समेत 3 गिरफ्तार, 29 लाख का माल जब्त

Bhilai News: खुर्सीपार इलाके में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक मकान में दबिश देकर 70.460 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस कार्रवाई में एक महिला, दो पुरुष और दो नाबालिगों को पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से हेरोइन, नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू समेत करीब 29 लाख 23 हजार रुपए की सामग्री जब्त की है।

पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर को खुर्सीपार थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि जोन क्रमांक-3 स्थित एक मकान में अवैध रूप से हेरोइन बेचने का कारोबार किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मकान में दबिश दी।

पुलिस को देखते ही महिला ने भागने की कोशिश की

पुलिस टीम के मकान में पहुंचते ही वहां मौजूद एक महिला ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया। इसके बाद मकान की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में हेरोइन समेत अन्य सामान बरामद हुआ।

14 लाख की हेरोइन और 2.35 लाख कैश बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस को 70.460 ग्राम हेरोइन मिली। इसकी अनुमानित कीमत करीब 14 लाख 9 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने मौके से 2 लाख 35 हजार रुपए नकद भी बरामद किए।

पुलिस के अनुसार, करीब 19 लाख रुपए कीमत के 19 नग सोने के आभूषण, चांदी के आभूषण और बर्तन भी जब्त किए गए हैं। इसके साथ ही 8 मोबाइल फोन और हेरोइन तौलने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी पुलिस के हाथ लगा है।

महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने जसबीर कौर उर्फ सोनू (25), नितेश सोनी (32) और तिरकेश निषाद (21) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खुर्सीपार थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21(ख) और 27A के तहत मामला दर्ज किया है।

तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

दो नाबालिग भी पकड़े गए

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो नाबालिगों को भी पकड़ा है। दोनों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। बोर्ड के आदेश के बाद दोनों को बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद खुर्सीपार इलाके में नशे के अवैध कारोबार को लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *