CG News Times

Raipur Crime News: कार का पीछा करते रहे थे दो बाइक सवार, मौका मिलते ही पार्षद पर किया हमला

Raipur Crime News

Raipur Crime News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां बीजेपी पार्षद और जोन-8 के अध्यक्ष प्रीतम ठाकुर की कार पर देर रात अज्ञात बाइक सवार युवकों ने पथराव कर दिया।

कैसे हुई घटना?

मिली जानकारी के अनुसार, बीजेपी पार्षद प्रीतम ठाकुर अपने परिवार के साथ कार से गणेश देखने के लिए निकले हुए थे। इसी दौरान बैरनबाजार स्थित बाठिया नर्सिंग होम के पास दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने उनकी गाड़ी को रुकवाकर उस पर पत्थर बरसा दिए। इस अचानक हुए हमले से कार के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

क्या है विवाद की वजह?

बताया जा रहा है कि इस घटना से कुछ समय पहले आमापारा इलाके में ढंग से बाइक चलाने को लेकर इन दोनों युवकों का पार्षद से विवाद हुआ था। विवाद के बाद पार्षद ने दोनों युवकों को पकड़कर आजाद चौक थाना पुलिस के हवाले कर दिया था, लेकिन कथित तौर पर नशे में होने की वजह से पुलिस ने उन्हें कुछ ही देर बाद छोड़ दिया। इसी बात से खुन्नस खाकर आरोपियों ने पार्षद की कार का पीछा किया और अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद बड़ी संख्या में पार्षद के समर्थक थाने पहुंचे और रोष व्यक्त किया। पार्षद प्रीतम ठाकुर की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *