कबीरधाम। कवर्धा शहर में सड़क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा और उप मुख्यमंत्री अरुण साव 24 सितंबर को 54 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 4 लेन सड़क और डिवाइडर निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे।
भूमिपूजन समारोह नवीन कृषि उपज मंडी परिसर, कबीरधाम में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में सांसद संतोष पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। जिला प्रशासन ने समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं।
7.8 किलोमीटर सड़क का होगा उन्नयन
राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 के किलोमीटर 50 से 57 तक करीब 7.8 किलोमीटर सड़क को 4 लेन में उन्नत करने के साथ डिवाइडर का निर्माण किया जाएगा। यह सड़क रायपुर मार्ग से बिलासपुर मार्ग तक चंद्रयान हॉस्पिटल से कवर्धा शहर होते हुए जोराताल के आगे तक बनाई जाएगी।
परियोजना पूरी होने के बाद शहर में आवागमन सुगम होने के साथ नागरिकों और व्यापारिक गतिविधियों को भी सुविधा मिलने की बात कही गई है।
धर्मनगरी की पहचान के अनुरूप बनेंगे प्रवेश द्वार
परियोजना के तहत दो स्थानों पर भव्य प्रवेश द्वार भी बनाए जाएंगे। इन्हें कवर्धा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान यानी धर्मनगरी के स्वरूप के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
सड़क और डिवाइडर का यह निर्माण शहर की यातायात व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण परियोजना के रूप में किया जा रहा है।
