CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: भोरमदेव शक्कर कारखाने को लगातार 2 साल हाईएस्ट शुगर रिकवरी का नेशनल अवॉर्ड

कबीरधाम। भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, कवर्धा ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कारखाने को वर्ष 2024-25 और 2025-26 के लिए “हाईएस्ट शुगर रिकवरी इन अदर एरिया” श्रेणी में नेशनल एफिशिएंसी अवॉर्ड मिला है। छत्तीसगढ़ के किसी सहकारी शक्कर कारखाने को पहली बार इस श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान मिला है।

नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में नेशनल को-ऑपरेटिव शुगर फेडरेशन की ओर से आयोजित समारोह में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने यह पुरस्कार प्रदान किया। कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और छत्तीसगढ़ के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप समेत विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कारखाने की ओर से पुरस्कार आयुक्त सहकारिता छत्तीसगढ़ रमेश शर्मा, सहकारिता विभाग के ओएसडी युगल किशोर, कारखाने के प्रबंध संचालक, महाप्रबंधक और इंजीनियर ने संयुक्त रूप से ग्रहण किया।

किसानों से जुड़ी कई पहल

पुरस्कार मिलने पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने क्षेत्रवासियों, गन्ना किसानों, अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। कारखाने के मुताबिक, पिछले दो वर्षों में करीब 5 हजार नए गन्ना किसानों को सदस्यता दी गई है।

शेयरधारक किसानों को 30 रुपए प्रति किलो की दर से 50 किलो शक्कर और 1,000 रुपए प्रति ट्रैक्टर की रियायती दर पर प्रेसमड उपलब्ध कराया जा रहा है। किसानों को उन्नत गन्ना उत्पादन के लिए उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया।

इसके अलावा करीब 1,000 एकड़ में नई गन्ना प्रजातियों का रोपण और 10 एकड़ में डेमोंस्ट्रेशन प्लॉट विकसित किए गए हैं। कारखाना परिसर में श्रमिकों के लिए मुख्यमंत्री श्रम अन्न योजना के तहत 5 रुपए प्रति थाली में भोजन की सुविधा भी संचालित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *