CG News Times

Kabirdham News: नौकरी चाहिए तो ये खबर आपके काम की! कवर्धा में बदलने वाला है Skill Training का तरीका

Kabirdham News: जिले के युवाओं और स्व-सहायता समूह की महिलाओं को उनकी रुचि और स्थानीय रोजगार की जरूरत के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देने के लिए अब विभागवार कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके लिए जिले में उपलब्ध मानव संसाधन, रोजगार के अवसर और विभिन्न क्षेत्रों में कौशल की मांग का आकलन किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिला कौशल समिति की बैठक में अधिकारियों को इस संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि कौशल प्रशिक्षण का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं को रोजगार या स्वरोजगार से जोड़ा जा सके। उन्होंने अधिकारियों को विभागवार गैप एनालिसिस करने और इसके आधार पर ऐसे ट्रेड व प्रशिक्षण पाठ्यक्रम चिन्हांकित करने के निर्देश दिए, जिनकी स्थानीय स्तर पर अधिक मांग है।

कलेक्टर ने वन विभाग, कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र, उद्यानिकी, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, श्रम विभाग, मत्स्य पालन विभाग, आर-सेटी, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और भोरमदेव शक्कर कारखाना राम्हेपुर सहित संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं का आकलन करने कहा। इसके आधार पर विभागों को वार्षिक कार्ययोजना तैयार करनी होगी।

बैठक में युवाओं के साथ-साथ स्व-सहायता समूह की महिलाओं के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण तैयार करने पर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि प्रशिक्षण की विषयवस्तु स्थानीय संसाधनों, रोजगार के उपलब्ध अवसरों, उद्योगों और संबंधित क्षेत्रों की मांग के अनुरूप होनी चाहिए। साथ ही प्रशिक्षण संस्थाओं और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर प्रशिक्षण की गुणवत्ता और उसके परिणामों पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए।

बैठक में जिले में वर्तमान में संचालित कौशल प्रशिक्षण, नए प्रशिक्षण की जरूरत वाले क्षेत्रों, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और प्रशिक्षण को रोजगार से जोड़ने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को विभागवार जरूरतों का आकलन कर समयबद्ध तरीके से वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल सहित जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, रोजगार, कृषि, कृषि विज्ञान केन्द्र, भोरमदेव शक्कर कारखाना, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, नर्सिंग महाविद्यालय, जिला मिशन प्रबंधन, आर-सेटी और जिला कौशल विकास प्राधिकरण समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *