CG News Times

Kabirdham Crime News: 12.50 लाख की चोरी का ऐसा खुलासा, पिता-पुत्र निकले मास्टरमाइंड! 11.53 लाख बरामद

Kabirdham Crime News: कबीरधाम जिले के मझगांव में घर से हुई 12.50 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 11 लाख 53 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। साइबर थाना और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

गणेश चतुर्थी के दिन दिया चोरी की वारदात को अंजाम

पुलिस के मुताबिक, ग्राम मझगांव निवासी हीरालाल साहू ने 24 सितंबर को सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 15 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति घर में दाखिल हुआ और 12.50 लाख रुपये चोरी कर ले गया।

हीरालाल साहू ट्रांसपोर्ट, मटेरियल सप्लाई और कृषि संबंधी काम करते हैं, जिसके चलते उनके पास रकम का लेन-देन होता रहता था। घटना के समय परिवार के लोगों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से निकलते देखा था, जिसने चेहरे को गमछे से ढक रखा था।

घटनास्थल के आसपास शराब की शीशी, कुएं में फेंका गया पर्स और गली में रकम रखने वाला खाली बैग भी मिला था। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 415/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

पुराने मकान की छत से घर में दाखिल हुआ आरोपी

पुलिस जांच में आरोपी कमलेश पटेल (19) का नाम सामने आया। पुलिस पूछताछ के अनुसार, 15 सितंबर को गणेश चतुर्थी होने के कारण गांव के लोग गणेश पंडाल में व्यस्त थे। कमलेश शाम करीब 5:30 बजे अपने पुराने मकान में गया और अंधेरा होने का इंतजार किया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पुराना मकान और शिकायतकर्ता का मकान आपस में जुड़े हुए हैं और छत के रास्ते दोनों मकानों में पहुंचा जा सकता है। अंधेरा होने के बाद आरोपी पुराने मकान की छत से हीरालाल साहू के मकान की छत पर पहुंचा और वहां से कमरे में दाखिल हो गया।

आरोप है कि कमरे में लगे बल्ब को निकालकर अलग रखने के बाद उसने आलमारी खोली। दराज में रकम नहीं मिलने पर उसने लॉकर खोला और उसमें रखे 500, 200 और 100 रुपये के नोटों के बंडल और पर्स निकाल लिए।

गमछे में बांधी रकम, फिर कार्टून में छिपाया

पुलिस के अनुसार, कमलेश ने चोरी की रकम को गमछे में बांधा और अपने पुराने मकान में ले गया। इसके बाद रकम को एक कार्टून में रखकर पुराने मकान की दूसरी मंजिल के कमरे के छज्जे में छिपा दिया।

पूछताछ में आरोपी ने अगले दिन अपने पिता भागवत पटेल (50) को चोरी की जानकारी देने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद चोरी की रकम को पुराने मकान से निकालकर दोनों ने नए मकान में रखा।

रकम छिपाने में पिता की भूमिका भी सामने आई

पुलिस पूछताछ के अनुसार, भागवत पटेल को रकम के बारे में जानकारी होने के बाद उसे कुछ समय तक पुराने मकान में रखा गया। इसके बाद रकम को खेत में बने बोर के कमरे में रखा गया।

पुलिस के मुताबिक, बारिश होने पर रकम को वहां से वापस लाकर घर की आलमारी में रखा गया। इस तरह जांच में चोरी की रकम को छिपाने और अलग-अलग जगह रखने में पिता की भूमिका भी सामने आई।

11.53 लाख रुपये बरामद

पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही के आधार पर 11,53,000 रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, कमलेश ने चोरी की रकम में से कुछ पैसे खर्च किए। पर्स में रखी छोटी रकम में से करीब 47 हजार रुपये खाने-पीने आदि में खर्च करने की बात सामने आई है। वहीं आरोपी के पिता द्वारा करीब 50 हजार रुपये वाहन बनवाने और पार्ट्स खरीदने में खर्च किए जाने की जानकारी दी गई है।

बरामद रकम को पुलिस ने प्रकरण में विधिवत जब्त कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश पर साइबर थाना और सिटी कोतवाली की संयुक्त विशेष टीम बनाई गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों हेमसागर सिदार और अमित पटेल की निगरानी में टीम ने जांच आगे बढ़ाई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, संदिग्ध गतिविधियों और तकनीकी जानकारी का विश्लेषण किया। इसके साथ ही मैदानी स्तर पर लगातार पतासाजी की गई। पुलिस के अनुसार, इसी जांच के आधार पर 29 सितंबर 2026 को कमलेश पटेल और भागवत पटेल को उनके मकान से पकड़ा गया।

दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *