Balrampur Crime News: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोटागहना में एक पति पर अपनी ही 36 वर्षीय पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि वारदात के पीछे चरित्र को लेकर संदेह वजह बना। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है।
पहले घर के बाहर पीटा, फिर अंदर ले गया
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पति ने कथित तौर पर घर के बाहर पेड़ के नीचे अपनी पत्नी की डंडे से बेरहमी से पिटाई की। महिला की हालत गंभीर होने पर वह उसे घर के अंदर ले गया। आरोप है कि घर के अंदर भी उसके साथ मारपीट की गई। इसी दौरान महिला की मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को महिला का शव घर के अंदर मिला। बताया जा रहा है कि आरोपी पति भी घटनास्थल पर मौजूद था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आरोपी हिरासत में, मामले की जांच जारी
पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोप में पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना से गांव में दहशत और सनसनी का माहौल है।
