CG News Times

Kabirdham News: कबीरधाम में पशु तस्करी पर बड़ा एक्शन, 11 मवेशियों को क्रूरता से ले जा रहे 8 आरोपी गिरफ्तार

Kabirdham News

Kabirdham News: कबीरधाम जिले में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कुकदुर थाना पुलिस ने बिना चारा-पानी के मवेशियों को क्रूरतापूर्वक वाहनों में भरकर परिवहन करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 11 मवेशियों को बरामद करने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे चार वाहनों को भी जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 31 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।

यह कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा पंडरिया एसडीओपी भूपत सिंह के पर्यवेक्षण में कुकदुर थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

आधी रात मिली थी पशु परिवहन की सूचन

पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर 2026 की दरम्यानी रात ग्राम पोलमी क्षेत्र से मवेशियों के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के बाद कुकदुर पुलिस ने इलाके में संदिग्ध वाहनों की निगरानी और जांच शुरू की।

इसी दौरान पुलिस ने चार संदिग्ध वाहनों CG-28 N-5024, CG-28 N-7104, CG-PN-8951 और CG-10 CC-6837 को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान चारों वाहनों में कुल 11 मवेशी मिले। इनमें 8 भैंस और 3 पाड़ा शामिल थे।

पुलिस का कहना है कि मवेशियों को बिना पर्याप्त चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक परिवहन किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित बरामद कर लिया और परिवहन में इस्तेमाल चारों वाहनों को जब्त कर लिया।

Kabirdham News

8 आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ थाना कुकदुर में अपराध क्रमांक 79/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 और मोटरयान अधिनियम की धारा 66/192 के तहत कार्रवाई की है।

बरामद मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें सुरक्षित रूप से गौशाला में दाखिल कराया गया है।

31.40 लाख की संपत्ति जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 11 मवेशियों की कीमत 3 लाख 40 हजार रुपये आंकी है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए गए चार वाहनों को भी जब्त किया गया है।

जब्त वाहनों में CG-28 N-5024 महिंद्रा बोलेरो की कीमत 7 लाख रुपये, CG-28 N-7104 टाटा योद्धा की कीमत 8 लाख रुपये, CG-PN-8951 महिंद्रा बोलेरो की कीमत 7 लाख रुपये और CG-10 CC-6837 महिंद्रा बोलेरो की कीमत 6 लाख रुपये बताई गई है।

इस तरह मवेशियों और वाहनों को मिलाकर पुलिस ने कुल 31 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

कबीरधाम पुलिस के मुताबिक, पशुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवैध पशु परिवहन और तस्करी के खिलाफ निगरानी लगातार जारी है। पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल मामले की विवेचना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *