कवर्धा, 7 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कबीरधाम जिले में बुधवार को भव्य सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों नागरिकों ने शामिल होकर सेवा, संकल्प और जनभागीदारी का संदेश दिया।

यात्रा से पहले शासकीय पीजी कॉलेज के डोम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का संबोधन उपस्थित लोगों ने सुना।
इसके बाद सेवा ज्योति यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए सेवा ज्योति चौक पहुंची। यात्रा में जनप्रतिनिधियों के साथ सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में जिलेवासी शामिल हुए। यात्रा के माध्यम से विकसित भारत 2047 के संकल्प और जनसेवा में सहभागिता का संदेश दिया गया।
‘संकल्प मजबूत हो तो मंजिल हासिल की जा सकती है’
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। आज 7 अक्टूबर 2026 को सरकार के मुखिया के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन का मूल उद्देश्य जनता की सेवा करना है। संकल्प लेना बड़ी बात है, लेकिन उसे धरातल पर उतारना उससे भी बड़ी बात है। लक्ष्य बड़ा हो सकता है और रास्ता कठिन, लेकिन संकल्प मजबूत हो तो मंजिल हासिल की जा सकती है।
विजय शर्मा ने कहा कि वर्ष 2047 में जब भारत विकसित राष्ट्र बने, तब छत्तीसगढ़ भी विकसित छत्तीसगढ़ और कबीरधाम विकसित कबीरधाम बने, यह हम सभी का संकल्प होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि जिले के विकास, सेवा और जनभागीदारी का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हिंसा की जगह विकास, भय की जगह विश्वास और बंदूक की जगह शिक्षा, रोजगार और अवसर पहुंचना चाहिए। विकसित भारत 2047 का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि हर नागरिक का संकल्प है।
‘सेवा को उत्सव बनाएं’

फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन ने नागरिकों से सेवा संकल्प अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच रहा है। आवास योजना, शौचालय, राशन कार्ड और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि योजनाएं बनाना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उनका लाभ सही हितग्राही तक पहुंचाना है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज से जुड़ना, जरूरतमंदों तक पहुंचना और जनसेवा को मजबूत करना है।
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है।
उन्होंने कहा कि सेवा को उत्सव बनाइए और उत्सव को सेवा का माध्यम बनाइए, यही अभियान की मूल भावना है। उन्होंने नागरिकों से विकसित भारत 2047 के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
नागरिकों ने लिया विकसित भारत का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों ने ‘हम करेंगे’ और ‘वी विल डू इट’ के संकल्प के साथ विकसित भारत 2047 के निर्माण में अपनी सहभागिता का संकल्प लिया।
जिला अध्यक्ष राजेंद्र चन्द्रवंशी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का उल्लेख करते हुए नागरिकों से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
