CG News Times

कबीरधाम में सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई, 15 लोगों के खिलाफ 14 केस दर्ज

कबीरधाम। जिले में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। चार थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान 15 लोगों को शराब पीते पकड़ा गया। पुलिस ने इनके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(च)(1) के तहत 14 अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार व अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। सिटी कोतवाली, सिघनपुरी जंगल, कुण्डा और कुकदुर पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी रखकर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

सिटी कोतवाली में सबसे ज्यादा 10 मामले

सिटी कोतवाली पुलिस ने मिश्रा अस्पताल के सामने 4, पुराने बस स्टैंड में 2 और नवीन बाजार मछली मार्केट में 4 लोगों को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पकड़ा। सभी के खिलाफ अलग-अलग 10 प्रकरण दर्ज किए गए।

सिघनपुरी जंगल और कुण्डा में 3 कार्रवाई

सिघनपुरी जंगल पुलिस ने अमलीडीह-पेन्ड्रीतराई तिराहे पर शराब पीते मिले मनी उर्फ अश्वनी कोसरे (32), निवासी कुम्हारी के खिलाफ अपराध क्रमांक 41/26 दर्ज किया।

वहीं, कुण्डा पुलिस ने मेन रोड तालाब के पास शराब पीते मिले गौकरण ओगरे (42), निवासी चुचरूंगपुर और कुण्डा-फास्टरपुर रोड स्थित मंडी के पास शराब पीते मिले अजय विश्वकर्मा (32), निवासी नवागांव के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए।

कुकदुर में दो लोगों पर कार्रवाई

कुकदुर पुलिस ने ग्राम कुई के नरहा रोड पर सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते मिले अशोक परस्ते (36), निवासी पिपरहा और भोकलूराम मरावी (35), निवासी मुनगाडीह के खिलाफ अपराध क्रमांक 67/26 के तहत कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, चारों थाना क्षेत्रों में कुल 15 लोगों के खिलाफ 14 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और लोगों को परेशानी पहुंचाने वाली गतिविधियों पर पुलिस की निगरानी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *