कबीरधाम जिले में भैंसों को अवैध रूप से कत्लखाने ले जाने का मामला सामने आया है। भोरमदेव पुलिस ने ग्राम अचानकपुर के गौठान के पास कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा है। उनके कब्जे से 45 हजार रुपए कीमत की 3 भैंस बरामद की गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि कुछ मवेशियों को बिना चारा-पानी की उचित व्यवस्था के पैदल कत्लखाने की ओर ले जाया जा रहा है। इसके बाद थाना भोरमदेव की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान तीन भैंसों को क्रूरतापूर्वक पैदल ले जाते हुए पाया गया।
पूछताछ में आरोपियों द्वारा भैंसों को अवैध रूप से कत्लखाने ले जाना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने कुंभलाल विश्वकर्मा (60), निवासी रौचन और ईतवारी यादव (45), निवासी पिपरिया को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना भोरमदेव में अपराध क्रमांक 43/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10 और पशु क्रूरता अधिनियम, 1960 की धारा 11(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
कार्रवाई के दौरान तीनों भैंसों को जब्त किया गया, जिनकी कुल कीमत 45 हजार रुपए बताई गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लालमन साव के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक दिनेश झरिया, तेज लाल निषाद और आरक्षक अभिनय तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, पशुओं के अवैध परिवहन और उनके प्रति क्रूरता से जुड़े मामलों में निगरानी रखकर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
