CG News Times

कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहुंचीं कलेक्टर, छात्राओं से की पढ़ाई और सुविधाओं पर चर्चा

कवर्धा, 30 सितंबर 2026। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने बोड़ला स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से पढ़ाई, उनकी रुचि और अध्ययन के दौरान आने वाली परेशानियों के बारे में बातचीत की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक, आवासीय और अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

कलेक्टर ने छात्राओं से उनके पसंदीदा विषयों के बारे में पूछा और पढ़ाई से जुड़ी उनकी जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास और लगन से छात्राएं अपने जीवन में बेहतर उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं।

विद्यालय में 200 छात्राओं का प्रवेश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय की अधीक्षिका से छात्राओं की संख्या और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। अधीक्षिका ने बताया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में 200 छात्राओं का प्रवेश है। कलेक्टर ने छात्राओं के लिए उपलब्ध शैक्षणिक, आवासीय और अन्य जरूरी सुविधाओं की भी जानकारी ली।

रसोई कक्ष का किया निरीक्षण

कलेक्टर ने विद्यालय के रसोई कक्ष का निरीक्षण कर छात्राओं के लिए तैयार किए जाने वाले भोजन और रसोई की व्यवस्था देखी। उन्होंने अधीक्षिका और संबंधित कर्मचारियों को विद्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा छात्राओं को सभी जरूरी सुविधाएं व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कला कुटी में देखीं छात्राओं की कलाकृतियां

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय की कला कुटी का भी अवलोकन किया। यहां छात्राओं द्वारा तैयार की गई विभिन्न कलाकृतियों को देखकर उन्होंने उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।

उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और कौशल विकास को बढ़ावा मिलता है। कलेक्टर ने विद्यालय प्रबंधन को छात्राओं को पढ़ाई के साथ उनकी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप रचनात्मक व सह-शैक्षणिक गतिविधियों के लिए भी प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि आवासीय विद्यालय में छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *