CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: 100 गज के दायरे में तंबाकू बिक्री पर सख्ती, पंडरिया में 24 दुकानदारों पर चालानी कार्रवाई

कबीरधाम। तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान अभियान के तहत पंडरिया में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने जागरूकता एवं जांच अभियान चलाया। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन मिलने पर 24 चालानी कार्रवाई की गई।

अभियान कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुरे और जिला कार्यक्रम प्रबंधक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन श्रीमती अनुपमा तिवारी के मार्गदर्शन में चलाया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और आम लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक सुनिश्चित करना रहा।

स्कूल में विद्यार्थियों को तंबाकू से दूर रहने का संदेश

शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, पंडरिया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को तंबाकू और तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। उन्हें तंबाकू से दूर रहने और अपने परिवार एवं समुदाय में तंबाकू नियंत्रण का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके बाद जांच टीम ने विद्यालय के आसपास 100 गज के दायरे में संचालित दुकानों का निरीक्षण किया। यहां कोटपा अधिनियम-2003 की धारा 4 और 6 के प्रावधानों के पालन की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 24 चालानी कार्रवाई की गई।

दुकानदारों को समझाइश दी गई कि शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में किसी भी तरह के तंबाकू उत्पादों की बिक्री न करें। साथ ही 18 वर्ष से कम उम्र के लोगों को तंबाकू उत्पाद उपलब्ध नहीं कराने और तंबाकू नियंत्रण से जुड़े कानूनी प्रावधानों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

पान और किराना दुकानों में भी जांच

संयुक्त टीम ने पंडरिया क्षेत्र की पान, किराना, थोक विक्रेताओं और अन्य दुकानों की भी जांच की। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंध, नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद बेचने पर रोक और स्कूलों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित होने की जानकारी दुकानदारों को दी गई। उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों, कार्यालयों और शासकीय-अशासकीय शिक्षण संस्थानों में धूम्रपान निषेध संबंधी बोर्ड लगाने, सार्वजनिक स्थानों को धूम्रपान मुक्त रखने और कोटपा अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

स्वास्थ्य और पुलिस विभाग की टीम ने चलाया अभियान

अभियान में जिला नोडल अधिकारी डॉ. रोशनी पटेल, श्री सुखचैन, औषधि निरीक्षक श्री देवेंद्र ध्रुव, जिला सलाहकार सुश्री आकांक्षा लिखार, श्री गौरव सोनी सहित पुलिस विभाग के सदस्य मौजूद रहे। टीम ने जागरूकता और प्रवर्तन की कार्रवाई संयुक्त रूप से की।

स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने दुकानदारों, स्कूलों, अभिभावकों और आम नागरिकों से तंबाकू नियंत्रण से जुड़े नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही स्कूलों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने, नाबालिगों को ऐसे उत्पाद उपलब्ध नहीं कराने और सार्वजनिक स्थानों को धूम्रपान मुक्त रखने में सहयोग देने का आग्रह किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *