कवर्धा। कबीरधाम जिले में अवैध शराब बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में आबकारी एक्ट के तहत 13 प्रकरण दर्ज कर 15 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। पंडरिया में अवैध शराब परिवहन और बिक्री के मामले में 3 आरोपियों को पकड़ा गया, जिनके पास से शराब और बाइक समेत ₹45,600 का सामान जब्त किया गया।
पंडरिया में 3 आरोपी गिरफ्तार

पंडरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पेड्रीखुर्द-दलपुरवा चौक पर पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के आरोप में कन्हैया तिवारी, राजन मिश्रा और अमरदास गोयल को पकड़ा। तीनों अमलडीहा के रहने वाले हैं। इनके कब्जे से 12.600 बल्क लीटर शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।
सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई
कवर्धा थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने और लोगों को शराब पिलाने की सुविधा देने के मामलों में 3 प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं लोहारा और रणवीरपुर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वाले 3 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई।
पिपरिया और पांडातराई में भी कार्रवाई
दशरंगपुर बांधा रोड पर हाईस्कूल के पास शराब पीने के मामले में 80 वर्षीय भगतराम निषाद के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं पांडातराई में दुकान पर लोगों को शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने के आरोप में राधेश्याम चंद्रवंशी पर कार्रवाई की गई।
कुंडा और दामापुर में 4 मामले दर्ज
कुंडा क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने के आरोप में 3 लोगों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं दामापुर के ग्राम पथर्रा में दुकान पर शराब पिलाने की सुविधा देने के मामले में गणेशराम कोसले के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने कहा कि अवैध शराब और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी के खिलाफ निगरानी और वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
