कबीरधाम। कुकदूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर से गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, झूमाझपटी और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 6 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मामला 13 सितंबर 2026 की रात का है। ग्राम रोखनी निवासी एक महिला को जहर सेवन के बाद उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुकदूर लाया गया था। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी नारायण सिन्द्राम मरीज का प्राथमिक उपचार कर रहे थे। मरीज के उपचार में सहयोग नहीं करने की स्थिति में उसे बेहतर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया रेफर किया गया।
इसी दौरान रात करीब 11:20 बजे ग्राम छींदीडीह निवासी गिरानी धुर्वे अस्पताल पहुंचा और मरीज के उपचार को लेकर डॉक्टर से विवाद करने लगा। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने डॉक्टर के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और झूमाझपटी व धक्का-मुक्की करते हुए शासकीय कार्य में बाधा डाली।
डॉक्टर की शिकायत पर थाना कुकदूर में अपराध क्रमांक 60/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। प्रार्थी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने के साथ उपलब्ध दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी गिरानी धुर्वे पिता करणसिंह धुर्वे, उम्र 40 वर्ष, निवासी जंगल खाम्ही, थाना कुकदूर, जिला कबीरधाम को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351(2), 132, 221 बीएनएस और छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवक तथा चिकित्सा सेवा संस्थान अधिनियम, 2010 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की है।
कबीरधाम पुलिस के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार और शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
