CG News Times

CM Sai Singapore Visit: सिंगापुर से लौटते ही CM साय ने दिया बड़ा अपडेट, छत्तीसगढ़ को मिले 43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव

CM Sai Singapore Visit: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर के तीन दिवसीय दौरे के बाद बुधवार को छत्तीसगढ़ लौट आए। रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में अपने सिंगापुर दौरे की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सिंगापुर में आयोजित इंडिया ग्रोथ फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के सामने रखा गया। इस दौरान प्रदेश में निवेश के लिए कुल 43 हजार 600 करोड़ रुपये के प्रस्ताव मिले हैं।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सिंगापुर के उद्योग जगत से जुड़े कई प्रतिनिधियों के साथ उनकी चर्चा हुई। इस दौरान उन्होंने निवेशकों को छत्तीसगढ़ आने का न्योता भी दिया। सरकार को उम्मीद है कि इन निवेश प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

एनर्जी सेक्टर में सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव

सिंगापुर दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ को सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव एनर्जी कैपिटल ग्लोबल की ओर से मिला है। मुख्यमंत्री साय के मुताबिक कंपनी ने प्रदेश में करीब 41 हजार 750 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है।

इसके अलावा एग्री बिजनेस वैल्यू इंटरनेशनल कंपनी ने करीब 350 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। वहीं सन स्ट्रीम ग्रीन एनर्जी की ओर से सोलर सेक्टर में करीब 1,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव मिला है। कंपनी बैटरी स्टोरेज और उससे जुड़े कंपोनेंट के क्षेत्र में काम करेगी।

इन प्रस्तावों को देखते हुए माना जा रहा है कि ऊर्जा, सोलर और एग्री बिजनेस जैसे सेक्टर में आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में निवेश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

IT एजुकेशन सर्विस के साथ भी हुआ MOU

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सिंगापुर दौरे के दौरान IT एजुकेशन सर्विस के साथ भी MOU किया गया है। मुख्यमंत्री ने संस्था के IT परिसर का भ्रमण भी किया। उन्होंने इसे विश्व प्रसिद्ध कौशल विकास मॉडल बताया।

सरकार का जोर ऐसे समझौतों के जरिए प्रदेश में कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर है, ताकि स्थानीय युवाओं को भी इसका सीधा लाभ मिल सके।

‘सभी MOU धरातल पर उतरेंगे’, CM साय ने दिया भरोसा

निवेश प्रस्तावों और MOU के धरातल पर उतरने को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार किसी भी समझौते को पूरी जांच-परख के बाद ही आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को आश्वस्त करना चाहते हैं कि इन समझौतों और निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल MOU करना नहीं है, बल्कि इनसे प्रदेश की जनता को वास्तविक लाभ पहुंचाना है। निवेश आने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

सेवा ज्योति कार्यक्रम पर भी बोले CM साय

सिंगापुर दौरे के साथ मुख्यमंत्री साय ने बीजेपी के सेवा ज्योति कार्यक्रम को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभाली थी। इसी अवसर को लेकर देशभर में 13 तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें सेवा ज्योति कार्यक्रम भी शामिल है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आज देशवासियों को संबोधित करेंगे और उनके संबोधन को सभी जिला मुख्यालयों में सुना जाएगा।

CM साय ने कहा कि 17 सितंबर को देशवासियों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री को आशीर्वाद दिया था। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के तहत सेवा के क्षेत्र में जो ज्योति जलाई है, उसे आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *