कवर्धा। कवर्धा-बेमेतरा मार्ग पर सड़क के बीच गौमाता को बैठे देखकर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नाराजगी जताई। मंगलवार देर रात कवर्धा जाते समय उन्होंने बेमेतरा टोल प्लाजा के पास अपना वाहन रुकवाया और अधिकारियों से हाइवे पेट्रोलिंग व्यवस्था की जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में तय व्यवस्था के तहत हाइवे पेट्रोलिंग वाहन द्वारा किए जा रहे नियमित निरीक्षण और गौमाता के रेस्क्यू की जानकारी मांगी। अधिकारियों से जानकारी लेने के बाद उन्होंने पेट्रोलिंग वाहन को मौके पर बुलवाया और अब तक किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन, दैनिक निरीक्षण और अन्य गतिविधियों का ब्यौरा लिया।
स्थानीय लोगों से भी ली जाएगी पेट्रोलिंग की जानकारी

विजय शर्मा ने निर्देश दिए कि कवर्धा से बेमेतरा के बीच आने वाले गांवों के स्थानीय लोगों से भी पेट्रोलिंग वाहन की गतिविधियों की नियमित जानकारी ली जाए। उन्होंने कहा कि हाइवे पर सड़क के बीच बैठी या विचरण कर रही गौमाता को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई की जाए।
लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
उन्होंने अधिकारियों को हाइवे पर नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। शर्मा ने कहा कि सड़क पर गौमाता की मौजूदगी से उनकी जान को खतरा रहता है और वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। रात के समय कम दृश्यता के कारण यह खतरा और गंभीर हो जाता है।
उप मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि सड़क सुरक्षा और गौमाता की सुरक्षा में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पेट्रोलिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने और उसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
