CG News Times

Surajpur Police Attack: प्रतापपुर में पुलिस टीम पर हमला, ASI और आरक्षक को बनाया बंधक, टांगी-डंडों से पीटा

Surajpur Police Attack: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गई प्रतापपुर थाने की पुलिस टीम पर उग्र ग्रामीणों ने हमला कर दिया। करीब 100 से 150 की संख्या में लाठी, डंडे और टांगी लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को घेर लिया। इस दौरान एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) और आरक्षक के साथ जमकर मारपीट की गई, साथ ही आरक्षक को पंचायत भवन में बंधक बनाकर रखा गया।

क्या है पूरा मामला?

प्रतापपुर थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम 7 अक्टूबर को दो आपराधिक मामलों में फरार चल रहे आरोपी बाबूलाल पोया और बनवारी को पकड़ने के लिए ग्राम मदननगर पहुँची थी। सुबह करीब 9:40 बजे जैसे ही पुलिस टीम गांव में पहुँची, दोनों आरोपी वहीं बैठे मिल गए। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद देखते ही देखते वहां 100-150 ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई।

बंधक बनाकर की गई मारपीट

भीड़ का आक्रामक रुख देखकर थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ वहां से निकलने लगे। इस दौरान एएसआई योगेंद्र जायसवाल के साथ भी मारपीट की गई, जो किसी तरह वहां से जान बचाकर निकले।

वहीं, आरक्षक रामदयाल राठिया को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आरोप है कि उनके साथ लाठी-डंडों और टांगी से इतनी बेरहमी से मारपीट की गई कि वे बेहोश हो गए। होश आने पर उन्होंने खुद को पंचायत भवन में बंधक पाया। बाद में प्रधान आरक्षक विनोद परीड़ा के मौके पर पहुँचने और पुलिस बल के दबाव के बाद ग्रामीणों ने आरक्षक को छोड़ा।

15 नामजद सहित 150 पर FIR दर्ज

इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाबूलाल पोया, फुलजेंश, बनवारी, चमन, दीपक, रामू, अमित, दिनेश, कुलदीप, बिमला, सुंदरी, मानमती, जतरो, मानकुंवर और कैलाशो सहित 15 नामजद और करीब 100-150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, बंधक बनाने और धमकी देने की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आगे की जांच और आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *