CG News Times

गौधन की देखभाल के लिए गुजरात मॉडल पर काम करेगा कबीरधाम! Vijay Sharma ने कही ये बात

Vijay Sharma

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में गौधन की सुरक्षा, देखभाल और संरक्षण को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक Vijay Sharma ने महत्वपूर्ण बैठक ली। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में हुई इस बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, गौसेवक और पशुपालक शामिल हुए। बैठक में गौधन की सुरक्षा और उनके बेहतर रखरखाव से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

गौशाला के लिए स्थल चयन के निर्देश

उप मुख्यमंत्री Vijay Sharma ने अधिकारियों को जिले में गौधन की समुचित देखभाल और रखरखाव के लिए मजबूत व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों से ग्राम सरेखा में गौशाला निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने को कहा।

इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग समेत जिले के प्रमुख मार्गों पर दुर्घटना या किसी अन्य आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए क्रेन, JCB मशीन और अन्य जरूरी संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता रखने को कहा गया।

Vijay Sharma

गुजरात की व्यवस्थाओं का होगा अध्ययन

बैठक के दौरान Vijay Sharma ने गुजरात में गौधन की देखभाल और पशुधन प्रबंधन के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि गुजरात में अपनाई गई अच्छी व्यवस्थाओं का अवलोकन कर उन्हें कबीरधाम जिले में जरूरत के मुताबिक लागू करने की दिशा में काम किया जाना चाहिए।

उन्होंने गौसेवकों और गौ रक्षकों को गुजरात भ्रमण कराने की बात भी कही, ताकि वे वहां पशुधन की देखभाल और रखरखाव से जुड़ी व्यवस्थाओं को करीब से देख सकें।

बीमार और घायल पशुओं के इलाज पर जोर

Vijay Sharma ने पशु चिकित्सा विभाग के उप संचालक को निर्देश दिए कि गौधन के उपचार के लिए पर्याप्त मात्रा में दवाइयां और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध रखी जाए। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार पशु चिकित्सकों और अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की नियुक्ति एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बीमार और घायल पशुओं को समय पर उपचार मिल सके, इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।

गौसेवकों और पशुपालकों के साथ बनेगी रणनीति

उप मुख्यमंत्री Vijay Sharma ने अधिकारियों और पशुपालकों से गौधन की सुरक्षा एवं देखभाल के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गौसेवकों और पशुपालकों के साथ बैठक कर स्थानीय जरूरतों के अनुसार ठोस रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गौसेवक और पशुपालक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *