कवर्धा में चक्काजाम के बीच किसानों का बड़ा बयान, दुर्गा समितियों को मूर्ति ले जाने में मिलेगा सहयोग
कबीरधाम। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ के बैनर तले कवर्धा में पिछले दो दिनों से चक्काजाम कर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने अब कुछ अति आवश्यक आवागमन वाले वाहनों को राहत देना शुरू कर दिया है। इसी बीच शारदीय नवरात्र को लेकर माता की प्रतिमा लेने कवर्धा आने वाले लोगों के मन में बनी आशंकाओं को दूर करते हुए किसान संघ ने महत्वपूर्ण बयान दिया है।
माता की मूर्ति नहीं ले जाने देने की आशंका हुई दूर
कल रविवार से शारदीय नवरात्र पर्व प्रारंभ होने जा रहा है। इस अवसर पर गांव-गांव और शहरों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाती है। इसके लिए विभिन्न दुर्गा समितियों ने महीनों पहले ही कवर्धा के मूर्तिकारों को प्रतिमा बनाने का ऑर्डर दिया था।
वहीं, किसान आंदोलन के चलते सड़कों पर चक्काजाम होने और आवागमन प्रभावित रहने के कारण लोगों के बीच यह आशंका उत्पन्न हो गई थी कि प्रदर्शनकारी किसानों द्वारा माता की प्रतिमाएं ले जाने वाले लोगों को भी रोका जा सकता है। हालांकि, किसान संघ ने इस भ्रम को दूर कर दिया है।
“हम भी सनातनी हैं, हम भी हिंदू हैं”
भरतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष डोमन चंद्रवंशी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि माता की प्रतिमा लेने आने वाले लोगों को नहीं रोका जाएगा, बल्कि उन्हें पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “हम भी सनातनी हैं, हम भी हिंदू हैं।”
किसान संघ के इस बयान से नवरात्र के लिए माता की प्रतिमाएं लेने कवर्धा आने वाले श्रद्धालुओं और दुर्गा समितियों को राहत मिली है। आंदोलन के बीच धार्मिक आस्था और नवरात्र पर्व की तैयारियों को लेकर किसान संघ ने सहयोग का भरोसा दिया है।
