डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में शुक्रवार रात एक ही परिवार के तीन लोगों पर धारदार हथियार से हमला किया गया। हमले में मां कमला सोनकर और उनके 21 वर्षीय बेटे हमेंद्र सोनकर की मौत हो गई, जबकि बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद ग्रीन कॉरिडोर बनाकर रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के चौथना गांव की है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना के पीछे पारिवारिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की तलाश में जुटी है।
घर में घुसकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, कमला सोनकर का परिवार चौथना गांव में रहता है और सब्जी बेचकर गुजारा करता है। शुक्रवार रात एक आरोपी घर में घुसा और कमला सोनकर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद उसने उनके बेटे हमेंद्र सोनकर को भी निशाना बनाया। हमले में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी ममता गंभीर रूप से घायल हो गई।
गंभीर हालत में रायपुर रेफर
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल ममता को डोंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया। उसे जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया।
वारदात के समय घर पर नहीं था पति
बताया गया है कि घटना के समय कमला सोनकर का पति घर से बाहर था। वारदात के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पारिवारिक रंजिश की आशंका, रिश्तेदार पर संदेह
शुरुआती जानकारी में हत्या के पीछे पारिवारिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। संदेह परिवार के ही एक रिश्तेदार पर है। हालांकि, हत्या की वजह और आरोपी की भूमिका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने जल्द खुलासे की बात कही
डोंगरगढ़ के एसडीओपी केसरी नंदन नायक ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घायल युवती को इलाज के लिए रायपुर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
