CG News Times

विजय शर्मा ने पत्नी रश्मि के साथ किया कन्या पूजन, नौ कन्याओं को कराया भोजन

कवर्धा। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने अपने निवास पर श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ कन्या पूजन किया। इस दौरान उन्होंने धर्मपत्नी श्रीमती रश्मि शर्मा के साथ नौ कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें भोजन कराया और उनका आशीर्वाद लिया।

कन्या पूजन के अवसर पर विजय शर्मा ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने नवरात्रि के इस पावन पर्व पर देवी स्वरूपा कन्याओं के पूजन के माध्यम से मातृशक्ति के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

सनातन परंपरा में कन्या पूजन का विशेष महत्व है। इस परंपरा के माध्यम से बेटियों को देवी का स्वरूप मानकर उनका सम्मान किया जाता है। विजय शर्मा ने भी कन्या पूजन कर बेटियों के सम्मान और मातृशक्ति के प्रति आदर की इस परंपरा का निर्वहन किया।

नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना की जाती है। इस पर्व पर कन्या पूजन को विशेष धार्मिक महत्व दिया जाता है। श्रद्धालु कन्याओं को भोजन कराकर और उनका आशीर्वाद लेकर माता रानी से परिवार एवं समाज की सुख-शांति की प्रार्थना करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *