Kabirdham Crime News: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में रास्ता रोककर चाकू दिखाने, मारपीट करने और रुपये लूटने के मामले में कुकदूर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में आरोपी राघवेन्द्र उर्फ निखिल सोनी को गिरफ्तार किया है। वहीं, दो विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया लंबा चाकू, लूट की रकम 100 रुपये और बिना नंबर की डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की गई है। मामले में अन्य संबंधित व्यक्ति की भूमिका की जांच अभी जारी है।
रास्ते में मोटरसाइकिल खड़ी कर रोका
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम लुडुटोला-दमगढ़ निवासी हरिश धुर्वे ने 15 अक्टूबर 2026 को थाना कुकदूर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 14 अक्टूबर को वह अपने साथी के साथ ग्राम तिरछुला जा रहा था।
इसी दौरान पोलमी घाट में अरझोली नाला के आगे कुछ लोगों ने अपनी मोटरसाइकिल सड़क के बीच खड़ी कर उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि इनमें से एक व्यक्ति ने बड़ा चाकू दिखाकर गाली-गलौज की और मारपीट की। इसके बाद प्रार्थी की जेब में रखे 100 रुपये जबरन निकाल लिए गए।
पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया- भूपत सिंह
शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, घटना के बाद आरोपियों ने किसी को भी इसकी जानकारी देने पर जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर कुकदूर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो बालकों पर भी कार्रवाई
पुलिस ने विवेचना के दौरान संदिग्धों की पतासाजी कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी राघवेन्द्र उर्फ निखिल सोनी और दो विधि से संघर्षरत बालकों से प्राप्त मेमोरेंडम के आधार पर घटना में इस्तेमाल किया गया लंबा चाकू, 100 रुपये और बिना नंबर की डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की गई।
उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर राघवेन्द्र उर्फ निखिल सोनी को 15 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
कुकदूर थाने में अपराध क्रमांक 89/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 309(6), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य संबंधित व्यक्ति की भूमिका की जांच की जा रही है। साक्षियों के बयान सहित विवेचना के शेष कार्य पूरे किए जा रहे हैं।

