National Unity Day 2026: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ में National Unity Day समारोह का आयोजन किया गया। रायपुर के माना स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की चौथी वाहिनी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। उन्होंने परेड की सलामी ली, मार्च पास्ट का निरीक्षण किया और उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों पर चलते हुए सुरक्षित, समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करना राज्य सरकार का संकल्प है।

नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई और बस्तर के विकास पर दिया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व से 560 से अधिक देशी रियासतों का भारतीय संघ में एकीकरण किया था। उनका जीवन देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ ने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय जनता के सहयोग से बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास की नई उम्मीद जगी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल नक्सलवाद का अंत करना नहीं, बल्कि बस्तर के हर गांव तक सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और रोजगार के अवसर पहुंचाना भी है। जनजातीय समुदायों की संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करते हुए उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के दौरान गृह मंत्री विजय शर्मा ने नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों की स्मृति में लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने शहीद जवानों के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया।
प्रदर्शनी में नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान पुलिस बल की कार्यप्रणाली, जवानों के शौर्य, साहस और बलिदान के साथ पुलिस विभाग की कल्याणकारी गतिविधियों को भी प्रदर्शित किया गया। विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में स्थापित हो रही शांति के पीछे जवानों का अदम्य साहस और त्याग है। देश और प्रदेश की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

गुजरात के एकता नगर में छत्तीसगढ़ के जवानों ने दिखाया दम
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड का सीधा प्रसारण भी देखा गया। इस परेड में छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।
परेड में शामिल छत्तीसगढ़ पुलिस के दलों में प्रमुख रूप से:
- डीएसपी बृज किशोर यादव: टू-आईसी की जिम्मेदारी निभाई।
- डीएसपी अमृता पैंकरा: बस्तर फाइटर्स की महिला कमांडो दल का नेतृत्व किया।
- डीएसपी कुलदीप बंजारे: डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के दल का नेतृत्व किया।
- डीएसपी ओमप्रकाश सिंह: स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के जवानों का नेतृत्व किया।
नक्सल विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले इन बलों की राष्ट्रीय स्तर की परेड में सहभागिता को छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर बताया गया।

नक्सलवाद से शांति और विकास तक का सफर नाट्य मंचन में दिखा
समारोह में नक्सलवाद के विरुद्ध संघर्ष से लेकर शांति स्थापना तक की यात्रा पर आधारित विशेष नाट्य प्रस्तुति भी आयोजित की गई। इसमें नक्सलवाद के उदय, उससे पैदा हुई परिस्थितियों, सुरक्षा बलों के अभियानों, जवानों के बलिदान और स्थानीय लोगों की भावनाओं को दर्शाया गया।
इस प्रस्तुति में बस्तर के युवाओं ने भी कलाकार के रूप में हिस्सा लिया। नाट्य मंचन के जरिए हिंसा और भय से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की ओर बढ़ते बस्तर की यात्रा को दिखाया गया।
जनप्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
माना पुलिस ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी और मोतीलाल साहू, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता और अमित कुमार, पुलिस महानिरीक्षक अंकित गर्ग सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा शहीद जवानों के परिजन, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
