CG News Times

जनआशीर्वाद से अभिभूत हुईं पंडरिया विधायक भावना बोहरा, जन्मदिन पर रणवीरपुर में उमड़ा जनसैलाब

कवर्धा। पंडरिया विधानसभा की विधायक भावना बोहरा के जन्मदिन पर सोमवार को क्षेत्र में उत्साह और जनस्नेह का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही पंडरिया विधानसभा सहित कबीरधाम जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, युवा, महिलाएं, वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे। ग्राम रणवीरपुर में आयोजित कार्यक्रम में करीब 10 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता रही।

जन्मदिन के अवसर पर भावना बोहरा ने टीम हरितिमा, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ कवर्धा में पौधारोपण किया। इसके बाद उन्होंने मां महामाया, बुढ़ा महादेव और खेड़ापति हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, प्रदेशवासियों के स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन और पंडरिया विधानसभा की उन्नति की कामना की।

भावना बोहरा कवर्धा स्थित वृद्धाश्रम भी पहुंचीं, जहां उन्होंने वरिष्ठजनों के साथ समय बिताया, उनका कुशलक्षेम जाना और फल वितरित किए। रणवीरपुर जाते समय कबीरधाम जिला भाजपा कार्यालय, उड़ियाखुर्द, सहसपुर लोहारा, सिल्हाटी मोड़, विचारपुर, सिंगारपुर, रणजीतपुर और जमुनिया समेत कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने उनका स्वागत किया।

रणवीरपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और क्षेत्रवासी शामिल हुए। लोगों ने भावना बोहरा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। भावना बोहरा ने ग्राम सेमरहा के बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया।

इस अवसर पर भावना बोहरा ने क्षेत्रवासियों, पार्टी कार्यकर्ताओं, वरिष्ठजनों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और जन्मदिन की शुभकामनाएं देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा की जनता ने जिस स्नेह और विश्वास के साथ उनके जन्मदिन को जनउत्सव में बदला, वह उनके लिए भावुक और अविस्मरणीय क्षण है।

उन्होंने कहा कि जन्मदिन पर मिले हजारों लोगों के आशीर्वाद और शुभकामनाओं ने उन्हें भावुक कर दिया। जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और जनता की सेवा उनकी प्राथमिकता है।

भावना बोहरा ने अपने कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि बेटियों की शिक्षा के लिए 10 निःशुल्क बस सेवा, बेहतर स्वास्थ्य के लिए 8 निःशुल्क एंबुलेंस और मोबाइल हेल्थ पैथ लैब, युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग, भावना दीदी की साइंस पाठशाला और महिलाओं के सशक्तिकरण सहित कई क्षेत्रों में काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में पंडरिया विधानसभा में करीब 1200 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। इनमें कई कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि कुछ निर्माणाधीन हैं। सुतियापाट जलाशय की नहर और पाइपलाइन विस्तार, हरिनाला पुल, पंडरिया एवं पांडातराई बाईपास, 250 सीटर नालंदा परिसर और ऑडिटोरियम, व्यावसायिक परिसर, चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण और सड़क निर्माण जैसे कार्यों का उन्होंने उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि किसानों के हित और स्वच्छ पेयजल के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की सिंचाई और जल आवर्धन परियोजनाएं आकार ले रही हैं। वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में 100 किलोमीटर से अधिक सड़कों का विस्तार, पेयजल के लिए टैंकर और बोर खनन, बिजली से वंचित गांवों तक विद्युत आपूर्ति और आदिवासी परिवारों को आवास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

भावना बोहरा ने कहा कि विधानसभा और छत्तीसगढ़ से जुड़े जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने के साथ ही ‘भावना सेवा सुविधा केंद्र’ के माध्यम से लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रयास जारी है। उन्होंने हाल ही में मां नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि विकास केवल योजनाओं और निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि हर व्यक्ति तक अवसर, सुविधा और सम्मान पहुंचाना वास्तविक विकास है। पंडरिया विधानसभा को शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसर, सड़क, सिंचाई, अधोसंरचना और जनसुविधाओं के क्षेत्र में आगे ले जाना उनकी प्राथमिकता है।

अंत में भावना बोहरा ने जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने वाले भाजपा नेताओं, संगठन के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठजनों और पंडरिया विधानसभा के नागरिकों का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *