CG News Times

दुर्ग जिला अस्पताल की लैब में ब्लड सैंपल के साथ रील बनाना पड़ा भारी, 3 महिला टेक्नीशियन बर्खास्त

वीडियो वायरल होने के बाद सिविल सर्जन ने मांगा जवाब, HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने की कार्रवाई

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ब्लड सैंपल और लैब उपकरणों के साथ रील बनाना तीन महिला टेक्नीशियनों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद तीनों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई HLL लाइफकेयर लिमिटेड की ओर से की गई है।

जानकारी के मुताबिक, तीनों महिला टेक्नीशियनों ने 24 अगस्त को लैब के अंदर रील बनाई थी। वीडियो करीब पांच दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल वीडियो में महिलाएं लैब के अंदर अलग-अलग अंदाज में रील बनाती नजर आ रही हैं। एक वीडियो में टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर कैटवॉक करते हुए देखा गया, जबकि दूसरे वीडियो में लैब की चेयर पर बैठकर रील बनाई गई।

नोटिस के बाद हुई कार्रवाई

वीडियो सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने अटल आरोग्य लैब के प्रभारी जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। इसके बाद लैब प्रभारी ने संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए HLL लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र लिखा।

HLL ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीनों महिला टेक्नीशियनों को सेवा से हटा दिया। स्वास्थ्य विभाग अब यह भी देख रहा है कि रील बनाने के दौरान लैब की जांच व्यवस्था या मरीजों की जांच पर किसी तरह का असर पड़ा था या नहीं।

सिविल सर्जन ने की कार्रवाई की पुष्टि

सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद लैब प्रभारी को नोटिस जारी किया गया था। प्रभारी की ओर से HLL लाइफकेयर लिमिटेड को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया, जिसके बाद कंपनी ने वीडियो में नजर आ रहे स्टाफ को सेवा से बर्खास्त कर दिया।

अटल आरोग्य लैब योजना छत्तीसगढ़ सरकार ने HLL लाइफकेयर लिमिटेड के सहयोग से शुरू की है। इसके तहत लोगों को उन्नत और निशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

HIV रिपोर्ट को लेकर भी विवाद में रही थी लैब

अटल आरोग्य लैब इससे पहले एक HIV जांच रिपोर्ट को लेकर भी चर्चा में रही थी। जिला अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय युवक की जांच रिपोर्ट पहले HIV पॉजिटिव आई थी। युवक ने रिपोर्ट पर सवाल उठाए, जिसके बाद दोबारा जांच कराई गई। दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले को लेकर लैब से जानकारी मांगी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *