कबीरधाम जिले के पंडरिया में पंजाब एजेंसी कृषि केंद्र में हुई 4 लाख 10 हजार रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नंद राम श्रीवास (37), निवासी ग्राम घोंठा, थाना पांडातराई, जिला कबीरधाम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख 49 हजार 80 रुपये नकद, चांदी के आभूषण, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और लोहे का सब्बल सहित कुल 3 लाख 2 हजार 80 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, 14 और 15 अक्टूबर की दरमियानी रात कुकदूर तिराहा, पंडरिया के पास स्थित पंजाब एजेंसी कृषि केंद्र में सेंधमारी कर दुकान के काउंटर की दराज में रखे 4 लाख 10 हजार रुपये चोरी कर लिए गए थे। दुकान संचालक अमरीक सिंह सलूजा की रिपोर्ट पर थाना पंडरिया में अपराध क्रमांक 216/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने ग्राम घोंठा क्षेत्र से नंद राम श्रीवास को पकड़कर पूछताछ की। आरोपी के मेमोरेंडम कथन और निशानदेही पर चोरी से संबंधित सामग्री बरामद की गई।
नकदी, चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल सामान जब्त
पुलिस ने आरोपी के निवास से चोरी की बची हुई 1,49,080 रुपये की नकदी और चोरी के पैसों से खरीदे गए चांदी के एक जोड़ी लच्छे, जिनकी कीमत करीब 1 लाख 32 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किए हैं।
इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल नीले रंग की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (CG 10 ED 7263), मोबाइल फोन और लोहे का सब्बल भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के वारदात के दौरान पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 3,02,080 रुपये बताई गई है।
पहले भी दर्ज है चोरी का मामला
पुलिस के अनुसार, आरोपी नंद राम श्रीवास के खिलाफ पहले भी कबीरधाम जिले की बैजलपुर पुलिस चौकी में चोरी का मामला दर्ज है। उसे 22 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पटेल और हेमसागर सिदार के मार्गदर्शन तथा पंडरिया एसडीओपी भूपत सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिन्हा, पंडरिया पुलिस और साइबर थाना टीम की भूमिका रही।
