CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर : कबीरधाम में चक्रवात को लेकर अलर्ट, गांवों में मुनादी कराएगा प्रशासन, बाढ़ से निपटने की तैयारी

कबीरधाम। चक्रवात के प्रभाव से 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना को देखते हुए कबीरधाम जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने अधिकारियों की बैठक लेकर ग्राम पंचायत स्तर पर जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित तेज बारिश, बाढ़ और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल राहत पहुंचाई जा सके।

कलेक्टर ने सभी ग्राम पंचायतों में जन-धन और पशुधन की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सुरक्षित स्थानों की पहचान करने, राहत सामग्री उपलब्ध रखने और आपात सेवाओं को तैयार रखने के निर्देश दिए।

गांवों में मुनादी कर लोगों को करेंगे जागरूक

कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को तेज बारिश, बाढ़ और जलभराव की आशंका के प्रति जागरूक करने को कहा। लोगों को प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और आपात स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए पहले से जानकारी देने के निर्देश दिए गए।

बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर जोर

बैठक में बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजनों, छोटे बच्चों और विशेष सहायता की जरूरत वाले परिवारों की सूची तैयार रखने को कहा गया। जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और 108 एंबुलेंस सेवा से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

पशुधन की सुरक्षा के लिए ऊंचे स्थानों की पहचान करने के साथ वहां चारा, पानी और जरूरी दवाइयों की व्यवस्था रखने को कहा गया। इसके अलावा ग्राम पंचायतों में टॉर्च, रस्सी, प्राथमिक उपचार सामग्री और पेयजल सहित जरूरी सामान उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।

कंट्रोल रूम सक्रिय रखने के निर्देश

कलेक्टर ने जनपद पंचायत स्तर पर नियंत्रण कक्ष और संपर्क व्यवस्था सक्रिय रखने को कहा। ग्राम पंचायतों से मिलने वाली सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने और किसी भी गंभीर स्थिति की जानकारी तुरंत जिला प्रशासन को देने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत सचिवों को अपने मुख्यालय में उपलब्ध रहने को कहा गया।

उन्होंने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में तैयारियों की नियमित समीक्षा करने और जरूरत पड़ने पर जिला प्रशासन से समन्वय कर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, आरपी आचला, सागर सिंह राज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *